आगर-उज्जैन हाईवे पर किसानों का चक्काजाम, समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी में देरी से नाराजगी, घंटों बाधित रहा यातायात

WhatsApp Channel Join Now
आगर-उज्जैन हाईवे पर किसानों का चक्काजाम, समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी में देरी से नाराजगी, घंटों बाधित रहा यातायात


आगर मालवा, 29 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी में देरी और अव्यवस्थाओं से नाराज किसानों ने बुधवार दोपहर आगर-उज्जैन हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

प्रदर्शन का केंद्र ग्राम पालखेड़ी के पास स्थित सीतानारायण वेयरहाउस रहा, जहां समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी की जा रही है। किसानों का आरोप है कि खरीदी केंद्र पर तौल प्रक्रिया बेहद धीमी है और व्यवस्था में पारदर्शिता की कमी है, जिसके चलते उन्हें अपनी उपज लेकर घंटों तक इंतजार करना पड़ रहा है। तेज धूप और गर्मी के बीच किसानों का विरोध करीब एक घंटे तक जारी रहा। इस दौरान हाईवे पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

प्रशासन मौके पर पहुंचा

स्थिति की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया। किसानों ने मांग रखी कि खरीदी प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और तेज किया जाए ताकि उन्हें अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा जल्द समाधान का आश्वासन दिए जाने के बाद किसानों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया और यातायात बहाल हो सका।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story