तहसील कार्यालय के चक्कर लगाने को मजबूर किसान, अव्यवस्थाओं से बढ़ी परेशानी

WhatsApp Channel Join Now
तहसील कार्यालय के चक्कर लगाने को मजबूर किसान, अव्यवस्थाओं से बढ़ी परेशानी


तहसील कार्यालय के चक्कर लगाने को मजबूर किसान, अव्यवस्थाओं से बढ़ी परेशानी


हरदा, 1 अप्रैल (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के हरदा जिले की सिराली तहसील कार्यालय इन दिनों अव्यवस्थाओं को लेकर सुर्खियों में है। यहां आमजन और विशेष रूप से किसान छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार चक्कर लगाने को मजबूर हैं, लेकिन इसके बावजूद उनका काम समय पर नहीं हो पा रहा है।

दूर-दराज से आने वाले किसान समय और पैसे दोनों खर्च कर रहे हैं, फिर भी उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है। तहसील कर्मियों की कार्यशैली से लोग खासे परेशान हैं। आरोप है कि मामूली काम के लिए भी कई दिनों तक दौड़ाया जाता है और लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे कर्मचारी अपनी कुर्सी छोड़ना नहीं चाहते।

तहसील कार्यालय में बाबूराज हावी होने की बात सामने आ रही है। यहां कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर निगरानी का अभाव दिखाई देता है, जिससे लंबित प्रकरणों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।

आरोप है कि कई कर्मचारी कार्यालय समय में गुटखा-पाउच के सेवन में व्यस्त रहते हैं। बार-बार बाहर जाने के कारण काम प्रभावित होता है और दूर से आए लोगों को बिना काम कराए लौटना पड़ता है। कार्यालय परिसर में प्रतिबंध के बावजूद जगह-जगह गुटखे के निशान भी देखे जा सकते हैं।

जिला मुख्यालय से अप-डाउन करने वाले कर्मचारियों पर देर से आने और समय से पहले जाने के आरोप हैं। इससे लंबित मामलों की लंबी सूची बनती जा रही है, लेकिन इनके निराकरण में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई दे रही।

लंबे समय से एक ही सीट पर जमे कर्मचारियों के कारण दलालों की सक्रियता भी बढ़ने की बात कही जा रही है। आरोप है कि बिना दलालों के माध्यम या अतिरिक्त लेन-देन के काम कराना मुश्किल हो गया है। ऐसे कर्मचारियों के स्थानांतरण की मांग भी उठ रही है।

तहसील कार्यालय में पीने के पानी की समुचित व्यवस्था भी नहीं है। यहां रखी पानी की टंकी शोपीस बनकर रह गई है, जिससे गरीब और दूर-दराज से आए लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।

इस संबंध में ओम पटेल (पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष) और रामनिवास खोरे (पूर्व जिलाध्यक्ष, राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ) ने आरोप लगाया कि तहसील में अव्यवस्था का माहौल है। उन्होंने कहा कि एक काम के लिए कई बार चक्कर लगाने पड़ते हैं, जबकि कार्यालय में सफाई और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं हैं। उन्होंने प्रशासन से व्यवस्था सुधारने और जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / Pramod Somani

Share this story