राजगढ़ : खेत में पेड़ पर लटका मिला किसान का शव, पुलिस जांच में जुटी
राजगढ़, 19 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जैतपुराकला में मंगलवार सुबह एक किसान का शव खेत में पेड़ से लटका मिलने से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 48 वर्षीय प्रेमसिंह दांगी निवासी जैतपुराकला के रूप में हुई है। वह खेती-किसानी का कार्य करते थे। बताया गया है कि परिवार में उनकी दो पत्नियां और चार बच्चे हैं। पहली पत्नी कंचनबाई गांव में रहती हैं, जबकि दूसरी पत्नी संगीताबाई के साथ प्रेमसिंह गांव के बाहर स्थित खेत और कुएं पर रहकर खेती का काम करते थे।
जानकारी के मुताबिक सोमवार रात प्रेमसिंह रोजाना की तरह खेत पर सोने गए थे। मंगलवार सुबह उनकी दूसरी पत्नी संगीताबाई ने उन्हें खेत में लगे पेड़ से लटका देखा। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर खिलचीपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

