शहडोल: मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की

WhatsApp Channel Join Now
शहडोल: मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की


शहडोल, 10 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिला मुख्यालय स्थित चौपाटी के पास सोमवार की रात तालाब में डूबने से तीन किशोरों की हुई दुखद मृत्यु की घटना पर मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत किशोरों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

घटना की गंभीरता और मृतकों के परिवारों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा था। कलेक्टर के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से तीनों मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत करने के निर्देश दिए हैं। इस प्रकार तीनों परिवारों को कुल 12 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति एवं संबल प्रदान करें।

अपर कलेक्टर एवं एसडीएम ने शोकाकुल परिवारों को बंधाया ढांढस

तीन युवकों की मृत्यु के बाद अपर कलेक्टर सरोधन सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सोहागपुर अमृता गर्ग ने मृतकों के घर पहुंचकर शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। अधिकारियों ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा इस दुख की घड़ी में धैर्य रखने की अपील की। उन्होंने परिवारों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन इस कठिन समय में उनके साथ है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरान अपर कलेक्टर एवं एसडीएम ने जनजातीय कार्य विभाग के संकटापन्न मद से तीनों मृतकों के परिजनों को 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775021 Articles

Share this story