सिवनीः सशस्त्र बल पूर्व सैनिक दिवस पर गूंजा देशभक्ति का स्वर
सिवनी, 14 फरवरी(हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस का परिसर उस समय गर्व, सम्मान और देशभक्ति से सराबोर हो उठा, जब सशस्त्र बल पूर्व सैनिक दिवस के अवसर पर देश की रक्षा में अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले वीर पूर्व सैनिकों का गरिमामय सम्मान किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित हर चेहरा उन जांबाज़ों के प्रति कृतज्ञता से झुका दिखाई दिया, जिनके साहस और बलिदान से आज देश सुरक्षित है।
एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट पवन कुमार वासनिक ने दिवस की महत्ता बताते हुए कहा कि 14 जनवरी का यह दिन भारतीय सेना के प्रथम कमांडर-इन-चीफ फील्ड मार्शल के.एम. करियप्पा के सम्मान में मनाया जाता है। यह दिवस हमें यह स्मरण कराता है कि सैनिक सेवानिवृत्ति के बाद भी राष्ट्र निर्माण के सशक्त स्तंभ बने रहते हैं।
कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. रविशंकर नाग ने पूर्व सैनिकों को पुष्पमालाएँ, शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि “वीर सैनिकों का सम्मान करना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी है।”
देशभक्ति से ओतप्रोत माहौल में एनसीसी कैडेट कीर्ति द्वारा प्रस्तुत गीत ने सभी को भावविभोर कर दिया। कैडेट युक्ति ने अपने ओजस्वी वक्तव्य में फील्ड मार्शल के.एम. करियप्पा के पराक्रम, अनुशासन और भारतीय सेना को सशक्त स्वरूप देने में उनके अतुलनीय योगदान को रेखांकित किया।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल (से.नि.) ए.के. दास ने अपने सैन्य अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को देश को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सैनिक कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्य से कभी पीछे नहीं हटता।
सम्मान समारोह में वायुसेना एवं थलसेना से सेवानिवृत्त अनेक वीर सैनिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ. रविशंकर नाग ने सभी अतिथियों एवं स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए एनसीसी कैडेट्स के अनुशासन और आयोजन कौशल की सराहना की।
यह आयोजन न केवल एक समारोह था, बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए देशभक्ति, कर्तव्य और सम्मान का जीवंत संदेश भी बन गया।
10वें सशस्त्र बल वेटरन्स दिवस पर कलेक्टर शीतला पटले ने किया भूतपूर्व सैनिकों व वीर नारियों का सम्मान
सिवनी।
मानस भवन, सिवनी में 10वाँ सशस्त्र बल वेटरन्स दिवस समारोह पूर्वक एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर शीतला पटले मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। आयोजन स्थल देशभक्ति, सम्मान और कृतज्ञता के भाव से ओतप्रोत दिखाई दिया।
कलेक्टर शीतला पटले ने जिले के भूतपूर्व सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों की विधवाओं—वीर नारियों—को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि भूतपूर्व सैनिकों का त्याग, साहस और समर्पण राष्ट्र की सुरक्षा तथा निर्माण की मजबूत नींव है। उनका जीवन समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन सदैव भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों के साथ खड़ा है और आवश्यकतानुसार हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी विशाल सिंह सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, भूतपूर्व सैनिक, वीर नारियाँ एवं उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन ने न केवल वीरों को सम्मान दिया, बल्कि युवा पीढ़ी में देशभक्ति और कर्तव्यबोध का संदेश भी सशक्त रूप से प्रसारित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / रवि सनोदिया

