अशोनगरः विधायक हरिबाबू राय की संवेदनशीलता, अपने हाथों उठाकर घायलों को पहुंचाया अस्पताल

WhatsApp Channel Join Now
अशोनगरः विधायक हरिबाबू राय की संवेदनशीलता, अपने हाथों उठाकर घायलों को पहुंचाया अस्पताल


अशोकनगर,20 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर में राजनीति से ऊपर उठकर जनसेवा और संवेदनशीलता की एक अनुपम मिसाल सोमवार को अशोकनगर विधायक इंजी. हरिबाबू राय ने पेश की। उन्होंने सडक़ किनारे तड़प रहे घायलों की मदद कर न केवल उनकी जान बचाई, बल्कि समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण भी रखा।

भीड़ तो थी, पर मदद को बढ़े विधायक के हाथ:

घटना उस समय की है जब विधायक हरिबाबू राय म्याना क्षेत्र से अशोकनगर की ओर लौट रहे थे। नईसराय बिसौर के पास एक दर्दनाक सडक़ दुर्घटना हुई थी, जिसमें दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल होकर सडक़ किनारे पड़े थे। मौके पर लोगों की भीड़ तो जमा थी, लेकिन घायल मदद के इंतजार में थे।

तत्परता से लिया एक्शन:

विधायक राय ने जैसे ही घायलों को देखा, उन्होंने बिना एक पल की देरी किए अपना काफिला रुकवाया। उन्होंने तत्काल गाड़ी से उतरकर घायलों के पास पहुंचकर उनकी स्थिति का जायजा लिया और सांत्वना दी। उन्होंने त्वरित मदद कर 100 नंबर (पुलिस वाहन) को सूचना दी। मौके पर वाहन बुलाकर दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।

विधायक हरिबाबू राय के इस सराहनीय कार्य की पूरे क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है। लोगों का कहना है कि एक जनप्रतिनिधि का अपने क्षेत्र की जनता के प्रति ऐसा संवेदनशील व्यवहार यह सिद्ध करता है कि वे केवल पद के लिए नहीं, बल्कि सच्चे सेवा भाव के साथ जनता के बीच रहते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

Share this story