अनूपपुर: ईव्हीएम चोरी: प्रभारी शिक्षक फूल सिंह श्याम को कलेक्टर ने किया निलंबित
अनूपपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के पुराने तहसील परिसर स्थित स्ट्रांग रूम से 24 ईव्हीहएम चोरी होने के कथित मामले में जिला निर्वाचन अधिकारी रत्नाकर झा ने शनिवार को स्ट्रांग रूम प्रभारी एवं सहायक शिक्षक फूल सिंह श्याम को निलंबित कर दिया है। उन पर रिकॉर्ड का उचित संधारण नहीं करने, कार्य में गंभीर लापरवाही बरतने और शासन-प्रशासन की छवि धूमिल होने की स्थिति उत्पन्न करने के आरोप लगाए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, सहायक शिक्षक फूल सिंह श्याम ने 30 सितंबर को कोतवाली अनूपपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें पुराने तहसील परिसर स्थित स्ट्रांग रूम से 8 बैलेट बॉक्स और 16 कंट्रोल यूनिट चोरी होने की बात कही गई थी। मामले की जांच के लिए गठित जिला स्तरीय समिति को जांच के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी के हस्ताक्षर वाला 11 अक्टूबर 2021 का एक पत्र मिला। इसमें संबंधित ईवीएम को भोपाल भेजे जाने का उल्लेख था। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार, ईव्हीलएम को भोपाल भेजे जाने का रिकॉर्ड संबंधित अभिलेखों में दर्ज नहीं था। इसी मामले में रिकॉर्ड संधारण में लापरवाही और अन्य आरोपों के आधार पर स्ट्रांग रूम प्रभारी फूल सिंह श्याम को निलंबित किया गया है।
24 ईव्हीयएम चोरी होने की शिकायत के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया था। जांच के दौरान पुराने पत्र में ईवीएम को भोपाल भेजे जाने का उल्लेख मिलने से मामले में नया तथ्य सामने आया। अब रिकॉर्ड संधारण में हुई चूक और ईवीएम के आवागमन से जुड़े दस्तावेजों की स्थिति जांच का अहम बिंदु है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

