उज्जैनः भैरवगढ़ जेल पीएफ घोटाले की जांच करने पहुंची ईओडब्ल्यू की टीम
उज्जैन, 06 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में भैरवगढ़ स्थित केंद्रीय जेल में हुए करोड़ों रुपये के पीएफ घोटाले की जांच अब तेज हो गई है। आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने मामले की विधिवत जांच शुरू कर दी है। पहले इस मामले में पूर्व जेल अधीक्षक ऊषा राज सहित अन्य जेल कर्मचारियों को आरोपी बनाकर जेल भेजा जा चुका है।
ईओडब्ल्यू डीएसपी अमित कुमार वट्टी के साथ पहुंचे अन्य अधिकारियों ने बुधवार को केंद्रीय जेल भैरवगढ़ में जांच शुरू की। जहां उन्होंने वर्तमान जेल अधीक्षक मनोज साहू से मुलाकात कर जरूरी दस्तावेजों की मांग की। इसके साथ ही टीम ने जेल के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों से भी पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान यह भी आशंका जताई जा रही है कि इस पीएफ घोटाले में केवल वर्तमान आरोपी ही नहीं, बल्कि पूर्व में पदस्थ रहे कुछ अधिकारियों की भी मिलीभगत हो सकती है।
ईओडब्ल्यू अब दस्तावेजों और बयानों के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ी जोडऩे में जुटी है। बताया जा रहा है कि जांच के दायरे को बढ़ाते हुए वित्तीय लेन-देन और संबंधित रिकॉर्ड की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है। हालांकि विभागीय स्तर पर चल रही जांच में अब तक 3 चालान कोर्ट में पेश हो चुके है। शासन द्वारा उक्त मामले को ईओडब्ल्यू को ट्रांसफर किया है। अधिकारियों ने प्रारंभिक रूप से की गई जांच में जेल विभाग के सिस्टम को समझा और किसी तरह से किन अधिकारियों द्वारा पीएफ जारी किया जाता है, इसकी जानकारी ली।
इनका कहना है...
केंद्रिय जेल में हुए पीएफ घोटाले की जांच शासन द्वारा ईओडब्ल्यू को ट्रांसफर की गई है। इसी मामलें अभी जांच की जा रही है।
अमित कुमार वट्टी, डीएसपी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

