धान खरीदी में गड़बड़ी की जांच के लिए डिंडोरी में ईओडब्ल्यू की दबिश, मंडी और नागरिक आपूर्ति निगम के रिकॉर्ड खंगाले
डिंडोरी, 27 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले में धान खरीदी में कथित अनियमितता और फर्जी किसानों के नाम पर हजारों क्विंटल धान की खरीदी दर्शाने के मामले में जबलपुर की आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) की टीम ने कार्रवाई की है।
टीम ने शुक्रवार को डिंडोरी स्थित नागरिक आपूर्ति निगम कार्यालय और गोरखपुर कृषि उपज मंडी में दबिश देकर दस्तावेजों की जांच शुरू की। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों से भी पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मामला गोरखपुर मंडी के माध्यम से फर्जी किसानों के नाम पर हजारों क्विंटल धान की खरीदी दर्शाए जाने से जुड़ा है। आरोप है कि मंडी से धान का उठाव करने के बाद जिले के कुछ राइस मिल संचालक इसे महाराष्ट्र में बेच देते थे। इस तरह धान खरीदी और उसके उठाव के रिकॉर्ड में कथित गड़बड़ी किए जाने की आशंका जताई गई है।
इस संबंध में अधिकारिक तौर पर मिली जानकारी में बताया गया है कि बीते दिनों जिला प्रशासन की जांच टीम ने धान खरीदी से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल की थी। इस दौरान फर्जी किसानों के नाम पर खरीदी दर्शाए जाने का मामला सामने आया था। इसके बाद से ही यह मामला चर्चा में है। अब इसकी विस्तृत जांच के लिए जबलपुर ईओडब्ल्यू की टीम डिंडोरी पहुंची है।
ईओडब्ल्यू अधिकारी स्वर्णजीत सिंह धामी की मौजूदगी में टीम मंडी और नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही खरीदी, परिवहन और धान के उठाव से संबंधित शासकीय दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच का दायरा बढ़ने पर जिले की कुछ राइस मिलों में भी कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल ईओडब्ल्यू की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

