अनूपपुर: राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता एवं सतत निगरानी करें — कलेक्टर रत्नाकर झा

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता एवं सतत निगरानी करें — कलेक्टर रत्नाकर झा


अनूपपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर में कलेक्टर रत्नाकर झा ने गुरुवार को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा संचालित योजनाओं तथा विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जिले में खाद्यान्न की पर्याप्त उपलब्धता, सुगम वितरण व्यवस्था तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने जिले में स्थित गोदामों की भंडारण क्षमता, खाद्यान्न की उपलब्धता, उठाव एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से प्रतिमाह किए जा रहे खाद्यान्न वितरण के साथ ही छात्रावासों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं मध्यान्ह भोजन योजना के लिए खाद्यान्न आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। जिस पर क्षेत्र में चावल की मांग, प्रचलन एवं वास्तविक आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त मात्रा में चावल की उपलब्धता तथा आवश्यकता के अनुरूप शासन को शीघ्र मांग पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री राशन आपके ग्राम एवं मुख्यमंत्री युवा अन्नदूत योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले के 20 निर्धारित सेक्टरों में वाहनों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों तक राशन पहुंचाया जा रहा है। कलेक्टर ने राशन परिवहन व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखने के लिए निर्धारित रूट चार्ट का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने तथा वितरण कार्य में संलग्न वाहनों की जीपीएस आधारित सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

पात्र हितग्राहियों की ई-केवाईसी की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जानकारी दी गई कि जिले में कुल 1 लाख 16 हजार 407 पात्र हितग्राहियों में से 81 हजार 595 हितग्राहियों की ई-केवाईसी पूर्ण हो चुकी है। शेष 34 हजार 812 हितग्राहियों की ई-केवाईसी प्रक्रिया को समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही पहुंच मार्ग की समस्या से परेशान उचित मूल्य दुकानों के सुधार के लिए प्रस्ताव तैयार करने तथा गोदामों का नियमित भौतिक निरीक्षण कर खाद्यान्न स्टॉक का सत्यापन करने के निर्देश भी दिए।

खरीफ एवं रबी उपार्जन तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। सीएम हेल्पलाइन में दर्ज लंबित प्रकरणों का संज्ञान लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित कर शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर बलवीर रमन सहितखाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story