मदन महल स्थापित किए गए कुछ परिवार, हाई कोर्ट के आदेश पर अभियान जारी

WhatsApp Channel Join Now
मदन महल स्थापित किए गए कुछ परिवार, हाई कोर्ट के आदेश पर अभियान जारी


जबलपुर, 25 मार्च (हि.स.)। जिला, पुलिस और निगम प्रशासन के संयुक्त अभियान में आज बुधवार को अधारताल औद्योगिक क्षेत्र रिछाई मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाया गया। नगर निगम की टीम ने आज शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कड़ी कार्रवाई करते हुए न केवल अवैध कब्जों को हटाया, बल्कि विस्थापन की प्रक्रिया के जरिए प्रभावित परिवारों को सुरक्षित ठिकाना भी मुहैया कराया। इस कार्यवाही से अब रिछाई औद्योगिक क्षेत्र पहुॅंचना और आसान और सुरक्षित हो गया है।

अतिक्रमण अधिकारी मनीष तड़से ने बताया कि आज आयुर्वेदिक महाविद्यालय क्षेत्र के समीप अवैध रूप से बनी झुग्गियों और बस्ती को हटाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इससे शैक्षणिक संस्थान के आस-पास का वातावरण स्वच्छ और सुरक्षित होगा। उन्होंने बताया कि महाराजपुर रिछाई क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित मटन-मछली मार्केट के अवैध ढांचों को हटाया, बल्कि सामग्री की जब्ती करते हुए क्षेत्र को व्यवस्थित किया। वहीं पिसनहारी मढ़िया मार्केट में व्यापारियों को अनुशासन का पाठ पढ़ाते हुए दुकान के बाहर रखी सामग्री और ठेले-टपरों को हटवाया गया।

निगम अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सार्वजनिक रास्तों पर बाधा उत्पन्न करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि मदन महल पहाड़ी क्षेत्र के संरक्षण के लिए विस्थापन कार्य निरंतर जारी है। मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए आज 24 परिवारों को सम्मानजनक रूप से तेवर में विस्थापित किया गया।

अतिक्रमण अधिकारी मनीष तड़से ने बताया कि मदन-महल पहाड़ी क्षेत्र को खाली कराकर उसे प्राकृतिक स्वरूप में लौटाना और परिवारों को बेहतर जगह बसाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस अभियान से शहर की मुख्य सड़कों पर यातायात का दबाव कम होगा और आम नागरिकों को आवागमन में सुगमता होगी। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय एवं निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में शहर को अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित बनाने का अभियान पूरी गति से जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story