ग्वारीघाट के भीम नगर में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, हाई कोर्ट के आदेश का हवाला

WhatsApp Channel Join Now
ग्वारीघाट के भीम नगर में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, हाई कोर्ट के आदेश का हवाला


जबलपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। ग्वारीघाट क्षेत्र के भीम नगर में गुरुवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। नगर निगम, राजस्व विभाग और पुलिस की मौजूदगी में की गई इस कार्रवाई को प्रशासन ने हाई कोर्ट के आदेश का पालन बताया है। कार्रवाई के दौरान मालीवार की टाइपिंग दुकान और लडिया के मकान को निशाने पर लिया गया।

नायब तहसीलदार गोरखपुर दिनेश यादव के मुताबिक, उच्च न्यायालय में दायर WA 729/2026 और संबंधित राजस्व प्रकरण में जारी निर्देशों के पालन में यह कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन के अनुसार, संबंधित टाइपिंग दुकान करीब 400 वर्गफुट और मकान लगभग 5 हजार वर्गफुट क्षेत्र में निर्मित है।

वहीं, कार्रवाई को लेकर स्थानीय निवासी अनिल मालेवार ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका दावा है कि संबंधित जमीन वर्ष 2008 में ही बेची जा चुकी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी और रजिस्ट्री के जरिए दस्तावेज तैयार कर जमीन पर कार्रवाई की स्थिति बनाई गई। मालेवार ने पूरे मामले में प्रशासनिक मिलीभगत की आशंका जताते हुए मूल दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

फिलहाल, एक ओर प्रशासन हाई कोर्ट के आदेश के पालन में कार्रवाई किए जाने की बात कह रहा है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय निवासी जमीन के दस्तावेजों की वैधता पर सवाल उठा रहे हैं। ऐसे में पूरे मामले में दस्तावेजों की जांच और न्यायालयीन आदेश की वास्तविक स्थिति महत्वपूर्ण होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story