अनूपपुर: खेत में काम करते समय हाथी ने सूंड से पटका,घायल युवक भर्ती

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: खेत में काम करते समय हाथी ने सूंड से पटका,घायल युवक भर्ती


अनूपपुर: खेत में काम करते समय हाथी ने सूंड से पटका,घायल युवक भर्ती


अनूपपुर, 05 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा वन परिक्षेत्र के ग्राम चुकान में गुरुवार शाम एक जंगली हाथी ने खेत में काम कर रहे 20 वर्षीय युवक दारा सिंह पर हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा में भर्ती कराया गया है। वही वन विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौके पर पहुंचकर हाथी के विचरण पर निगरानी रखते हुए ग्रामीणों को सचेत एवं सतर्क रहने की अपील की अपील की है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा के बीएमओ केएल दीवान ने बताया कि युवक हाथी के हमले से घायल हुआ है, लेकिन उसकी हालत सुरक्षित है और गंभीर चोटें नहीं आई हैं। उसका इलाज जारी है। घायल दारा सिंह, पिता राम सिंह ने बताया कि वह शाम के समय अपने खेत में काम कर रहे थे, तभी हाथी ने पीछे से अचानक सूंड से टक्कर मारकर हमला कर दिया, जिससे वह दूर जा गिरा और उसे चोटें आईं। आसपास काम कर रहे अन्य ग्रामीणों ने घायल दारा सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा पहुंचाया। घटना के बाद भी वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते वन विभाग की निगरानी और चेतावनी व्यवस्था होती तो इस हादसे से बचा जा सकता था।

कोतमा रेंजर हरीश तिवारी ने बताया कि उन्हें हाथी के संबंध में अभी कोई जानकारी नहीं है और वह जानकारी लेकर टीम भेजने की बात कही। थोडी देर बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा में परिक्षेत्र सहायक लतार अभिलाष सोनी एवं बीटगार्ड लतार अवध नरेश शुक्ला मौके पर पहुंचे घायल व्यक्ति को देखा तथा तात्कालिक सहायता राशि प्रदान किया। घटना के बाद हाथी लगातार क्षेत्र में घूम रहा है, जिससे ग्रामीण खेतों और घरों से बाहर निकलने में डर रहे हैं।

72 दिनों से क्षेत्र विचरण कर रहे हाथी

उल्लेखनीय है कि अनूपपुर जिले में वर्तमान में चार हाथियों का दल विचरण कर रहा है। इनमें से तीन हाथी पिछले 72 दिनों से क्षेत्र में थे, जबकि एक अन्य हाथी सप्ताहभर पहले आया है। पूर्व में इन हाथियों के हमले में तीन लोगों के घायल होने और इलाज के दौरान मौत होने की घटनाएं हो चुकी हैं। यह घायल होने का चौथा मामला है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story