पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने इस वर्ष 41 हजार बिजली चोरी, अनियमितताएं पकड़ी

WhatsApp Channel Join Now
पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने इस वर्ष 41 हजार बिजली चोरी, अनियमितताएं पकड़ी


- 70 करोड़ रुपये से ज्य़ादा की राशि वसूल की

भोपाल, 27 नवम्बर (हि.स.) । मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के निर्देशानुसार पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा बिजली चोरी और अनियमितता रोकने के प्रभावी कदम उठाए गए हैं। जारी केलेंडर वर्ष में एक जनवरी से लेकर अब तक 98 हजार से ज्यादा स्थानों पर सघन चैकिंग की गई, 41 हजार से ज्यादा बिजली चोरी, अनियमितताओं के प्रकरण बनाए गए। 93 करोड़ रुपये की बिलिंग की गई, एवं अब तक 70 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि वसूल की गई है।

मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने शुक्रवार को बताया कि कंपनी स्तर पर बिजली चोरी रोकने के लिए सतर्कता संकाय एवं संचारण संधारण टीमों द्वारा इंदौर, उज्जैन क्षेत्र के सभी 15 जिलों में प्रभावी चैकिंग, तकनीकी बिंदुओं द्वारा अनियमितता की रिपोर्ट आने, सिग्नल प्राप्त होने व भौतिक रूप से गड़बड़ी होने पर कार्रवाई की जा रही है। नियमित कार्र्वाई के साथ ही समय समय पर विशेष जांच दल गठित कर अभियान चलाकर बिजली चोरी, अनियमितता रोकने का कार्य किया जा रहा है। प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने आमजनों , उपभोक्ताओं से बिजली चोरी नहीं करने एवं सही कनेक्शन लेने, कनेक्शन जिस प्रयोजन के लिए लिया गय़ा हैं उसी प्रयोजन में बिजली उपयोग का आह्वान भी किया है।

वी कनेक्ट एप से भी कार्रवाई

मुख्य सतर्कता अधिकारी एसआर बमन ने बताया कि कंपनी ने वी कनेक्ट एप के माध्यम से भी आम लोगों को बिजली चोरी की सूचना देकर ईनाम प्राप्त करने का अवसर दिया है। पिछले पांच माह में अब तक कंपनी को वी कनेक्ट एप पर 520 सूचनाएं प्राप्त हुई है। वी कनेक्ट एप पर आई सूचना से अब तक प्रकरण बनाकर करीब 88 लाख रुपये की बिलिंग की गई है। इस एप के माध्यम से बिजली चोरी, अन्य अनियमितता की सूचना सही पाए जाने पर डीबीटी प्रक्रिया से ईनाम भी दिए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784351 Articles

Share this story