उत्कृष्ट राजस्व वसूली और विद्युत चोरी रोकथाम में जबलपुर शहर वृत्त ने रचा नया कीर्तिमान

WhatsApp Channel Join Now
उत्कृष्ट राजस्व वसूली और विद्युत चोरी रोकथाम में जबलपुर शहर वृत्त ने रचा नया कीर्तिमान


जबलपुर, 07 मई (हि.स.)। वित्तीय वर्ष 2025-26 में मध्‍य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के शहर वृत्त जबलपुर ने राजस्व वसूली एवं बकाया राशि प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे मध्यप्रदेश में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। जब राज्य स्तर पर केवल सीमित सर्कलों में ही बकाया राशि में कमी दर्ज की गई, वहीं जबलपुर शहर वृत्त ने 14.82 प्रतिशत की ऐतिहासिक कमी दर्ज कर पूर्व क्षेत्र कंपनी ही नहीं, बल्कि प्रदेश के सभी जिलों में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है।

कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने इस उपलब्धि पर गुरुवार को अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा को प्रशंसा पत्र प्रदान किया, जिसमें उनके नेतृत्व की विशेष सराहना की गई है। प्रशंसा पत्र में उल्लेख किया गया है कि जबलपुर शहर द्वारा सर्वाधिक राजस्व वसूली प्रभावी रणनीति, सतत मॉनिटरिंग और फील्ड स्तर पर सशक्त क्रियान्वयन का परिणाम है। विद्युत चोरी रोकने के लिए चलाए गए विशेष अभियानों के तहत दिन एवं रात में लगातार सघन कार्रवाई की गई।

उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में अवैध विद्युत उपयोग के मामलों को चिन्हित कर दोषियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की है। साथ ही विद्युत अधिनियम 2003 के प्रावधानों के अंतर्गत सख्त प्रवर्तन कर निवारक वातावरण स्थापित किया गया है। समाधान योजना के सफल क्रियान्वयन और बकाया वसूली में उल्लेखनीय प्रगति को विभाग की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story