जबलपुर में बिजली बकायादारों पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई, 320 कनेक्शन काटे; 76 लाख की वसूली

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर में बिजली बकायादारों पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई, 320 कनेक्शन काटे; 76 लाख की वसूली


जबलपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने और मीटर रीडिंग में बाधा डालने वाले बकायादारों के खिलाफ बिजली कंपनी ने शनिवार को व्यापक अभियान चलाया। शहर के चारों संभागों में एक साथ हुई इस कार्रवाई में करीब डेढ़ करोड़ रुपये के बकाये वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए। कार्रवाई के दौरान 76.29 लाख रुपये की मौके पर ही वसूली की गई।

अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा और कार्यपालन अभियंता आशुतोष ओझा के नेतृत्व में बिजली कंपनी की अलग-अलग टीमों ने शहर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी की। छह माह या उससे अधिक समय से बिजली बिल और पंचनामा की राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं को निशाने पर लिया गया। कार्रवाई के दौरान उन उपभोक्ताओं पर भी शिकंजा कसा गया, जो लंबे समय से मीटर रीडिंग नहीं होने दे रहे थे।

कार्रवाई के दौरान ककरैया तलैया क्षेत्र में विवाद की स्थिति बन गई। यहां अधिवक्ता उज्जवल सिंह के नाम का बोर्ड लगे एक मकान में बलवीर कौर के नाम पर 46 हजार रुपये का बिजली बिल बकाया मिला। बताया गया कि मकान में रहने वाले चार परिवार करीब एक साल से बिजली बिल जमा नहीं कर रहे थे। आरोप है कि संबंधित परिवारों द्वारा लंबे समय से मीटर रीडर को घर में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा था।

बिजली कंपनी की टीम जब कनेक्शन काटने पहुंची तो घर की महिलाओं को आगे कर विरोध करने की कोशिश की गई। स्थिति को देखते हुए मौके पर महिला कर्मचारियों को बुलाया गया। इसके बाद टीम ने सर्विस लाइन काटने के साथ ही दीवार पर लगा बिजली मीटर भी उखाड़कर जब्त कर लिया।

बिजली कंपनी की कार्रवाई शहर के चारों संभागों में एक साथ की गई। उत्तर संभाग के अधारताल, रांझी, महाराजपुर और खम्हरिया सहित अन्य क्षेत्रों में सबसे ज्यादा 136 बिजली कनेक्शन काटे गए।

पूर्व संभाग के फूटाताल, चांदनी चौक, सदर और इंदिरा मार्केट में 121 उपभोक्ताओं के कनेक्शन विच्छेदित किए गए। वहीं पश्चिम और दक्षिण संभाग के गोरखपुर, राइट टाउन, हाथीताल, गढ़ा, बिलहरी और पॉलीपाथर क्षेत्रों में भी बड़े बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इन क्षेत्रों में 63 कनेक्शन काटे गए।

बकाया वसूली के साथ बिजली कंपनी ने विजय नगर संभाग में बिजली चोरी के मामलों में भी कार्रवाई की। अस्थायी बिजली कनेक्शन की आड़ में निर्माणाधीन परिसरों और बड़े मकानों में बिजली के अनधिकृत उपयोग की जांच की गई। अनियमितताएं सामने आने पर 51 लोगों के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत बिजली चोरी के प्रकरण दर्ज किए गए।

अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा ने स्पष्ट किया कि बकायादारों और बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ यह अभियान पूरे नवंबर माह जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि बकाया राशि जमा नहीं करने वालों के विरुद्ध डीआरए के तहत भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बिजली कंपनी की इस कार्रवाई से शहर के बड़े बकायादारों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777218 Articles

Share this story