पन्ना में खेत में मिले आठ मृत गिद्ध, मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद

WhatsApp Channel Join Now
पन्ना में खेत में मिले आठ मृत गिद्ध, मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद


पन्ना, 21 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के पहाड़ीखेरा क्षेत्र में मंगलवार को एक खेत से एक साथ आठ गिद्ध मृत अवस्था में मिलने से वन विभाग और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है। विलुप्तप्राय श्रेणी में शामिल गिद्धों की सामूहिक मौत को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

जानकारी के अनुसार पहाड़ीखेरा गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में कई गिद्ध मृत पड़े होने की सूचना स्थानीय वन अमले को मिली। सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र सहायक के.पी. मिश्रा और राम अवतार वर्मा मौके पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना से अवगत कराया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पन्ना के वन मंडलाधिकारी (डीएफओ) धीरेंद्र प्रताप सिंह, एसडीओ कृष्णा मरावी, देवेंद्रनगर के रेंजर तथा वन्यजीव विशेषज्ञों और पशु चिकित्सकों की टीम घटनास्थल पर पहुंची। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी और तकनीकी प्रक्रिया पूरी की।

इसके बाद सभी मृत गिद्धों को सुरक्षित रूप से पहाड़ीखेरा वन डिपो ले जाया गया, जहां निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनका अंतिम निस्तारण किया गया। साथ ही आवश्यक नमूने जांच के लिए सुरक्षित किए गए हैं।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गिद्ध पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनकी घटती संख्या को देखते हुए देशभर में संरक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। ऐसे में एक ही स्थान पर आठ गिद्धों का मृत मिलना गंभीर चिंता का विषय है।

फिलहाल वन विभाग सभी संभावित कारणों की जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और अन्य परीक्षणों की रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि गिद्धों की मौत किन परिस्थितियों में हुई। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे

Share this story