दमोहः ईद-उल-फितर पर भाईचारे के माहौल में अदा हुई नमाज, पुलिस की मुस्तैदी से बना सौहार्दपूर्ण वातावरण
दमोह, 21 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में शनिवार को ईद-उल-फितर का पर्व उल्लास और सौहार्द के साथ मनाया गया। शहर के फुटेरा तालाब स्थित ईदगाह मस्जिद फुटेरा तालाब में हजारों की संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने एकत्र होकर ईद की नमाज अदा की और देश-प्रदेश में अमन, तरक्की और खुशहाली की दुआएं मांगीं।
नमाज की अगुवाई हाफिज मुनव्वर रजा ने की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाई दी, जिससे पूरे क्षेत्र में भाईचारे और एकता की मिसाल देखने को मिली। इस मौके पर आज़म खान ने सभी नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए प्रशासन का आभार जताया।
चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में प्रशासन की उत्कृष्ट व्यवस्थाइस बार ईद के साथ-साथ चैत्र नवरात्रि और गणगौर तीज जैसे प्रमुख पर्व भी एक ही समय पर पड़ने से व्यवस्थाएं संभालना प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण था। खासकर बड़ी देवी मंदिर दमोह के पास भारी भीड़ को नियंत्रित करना महत्वपूर्ण रहा।
ऐसी स्थिति में अनिल राठौर (कलेक्टर) और श्रुतकीर्ति सोमवंशी (पुलिस अधीक्षक) के नेतृत्व में प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से बेहतर प्लानिंग और सतर्कता का परिचय दिया। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष रूट प्लान लागू किया गया। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।
सौहार्द और समन्वय की मिसाल बना दमोहएक ही दिन अलग-अलग धर्मों के पर्व होने के बावजूद पूरे शहर में शांति और भाईचारे का वातावरण बना रहा। यह प्रशासन की सजगता और नागरिकों की समझदारी का परिणाम रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

