ईद-उल-जुहा को लेकर जबलपुर में पुलिस का फ्लैग मार्च, संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई सुरक्षा

WhatsApp Channel Join Now
ईद-उल-जुहा को लेकर जबलपुर में पुलिस का फ्लैग मार्च, संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई सुरक्षा


जबलपुर, 27 मई (हि.स.)। ईद-उल-जुहा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को जबलपुर पुलिस द्वारा शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर/अपराध जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में यह मार्च आयोजित किया गया।

फ्लैग मार्च में थाना ओमती, बेलबाग, कोतवाली, लार्डगंज, गोहलपुर और हनुमानताल थाना पुलिस के साथ पुलिस लाइन का बल भी शामिल रहा। इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक मधुर पटेरिया, रीतेश कुमार शिव और सोनू कुर्मी सहित संबंधित थाना प्रभारी मौजूद रहे।

फ्लैग मार्च कंट्रोल रूम से शुरू होकर ओमती चौक, छोटी ओमती, बेलबाग तिराहा, लकड़गंज, फूटाताल, सराफा, मिलौनीगंज, मछली मार्केट और चार खंबा होते हुए बहोरा बाग में समाप्त हुआ। मार्च के दौरान पुलिस ने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि जबलपुर पुलिस नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है। उन्होंने चेतावनी दी कि पर्व के दौरान यदि किसी असामाजिक तत्व द्वारा माहौल बिगाड़ने या अवैध गतिविधि करने का प्रयास किया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story