जबलपुर : मस्जिदों और ईदगाहों में तैयारियां पूरी, गुरुवार को मनाई जाएगी ईद

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर : मस्जिदों और ईदगाहों में तैयारियां पूरी, गुरुवार को मनाई जाएगी ईद


जबलपुर, 27 मई (हि.स.)। ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व गुरुवार, 28 मई को पूरे देश में उल्लास के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर शहर की मस्जिदों और ईदगाहों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुस्लिम समाज के लोग ईद की नमाज अदा कर देश में अमन, चैन और खुशहाली की दुआ करेंगे।

रानीताल ईदगाह में ईद-उल-अजहा के अवसर पर मुफ्ती-ए-आजम मध्यप्रदेश हजरत मौलाना डॉ. मुशाहिद रजा कादरी बुरहानी मुस्लिम समाज को संबोधित करेंगे। इसके बाद सुबह 10:30 बजे नायब मुफ्ती-ए-आजम मध्यप्रदेश हजरत मौलाना सूफी जियाउल हक कादरी ईद की नमाज अदा कराएंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि पर्व को शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाएं तथा साफ-सफाई और सामाजिक जिम्मेदारियों का विशेष ध्यान रखें।

समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि जबलपुर गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल रहा है, जहां सभी धर्मों के लोग सौहार्द के साथ रहते हैं। इसलिए यह जरूरी है कि किसी भी गतिविधि से दूसरे समुदाय की भावनाएं आहत न हों। उन्होंने मुस्लिम समाज से कुर्बानी से जुड़े फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने से बचने की भी अपील की, ताकि शहर में आपसी भाईचारा और सौहार्द बना रहे।

कुर्बानी के बाद बचने वाले अवशेषों को सार्वजनिक स्थानों या सड़कों पर न फेंका जाए। इन्हें नगर निगम की गाड़ियों या निर्धारित स्थानों पर उचित तरीके से पैक कर डाला जाए। साथ ही आम रास्तों और सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी न करने की भी अपील की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story