'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत कांग्रेस ने निकाली श्रद्धांजलि यात्रा, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की उठाई मांग

WhatsApp Channel Join Now
'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत कांग्रेस ने निकाली श्रद्धांजलि यात्रा, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की उठाई मांग


भोपाल, 03 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कांग्रेस के 'छात्रों की गूंज' अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को नीट पेपर लीक प्रकरण और उससे जुड़े घटनाक्रमों के संदर्भ में जान गंवाने वाले विद्यार्थियों की स्मृति में श्रद्धांजलि यात्रा निकाली गई। यात्रा सर्वधर्म विशाल मेगा मार्ट, कोलार से प्रारंभ होकर मंदाकिनी चौराहा, मानसरोवर यूनिवर्सिटी होते हुए बीमा कुंज पर संपन्न हुई।

श्रद्धांजलि यात्रा के दौरान विभिन्न प्रमुख चौराहों पर दिवंगत विद्यार्थियों की स्मृति में कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत विद्यार्थियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली और विद्यार्थियों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। अभियान के तहत आगामी दिनों में भोपाल के विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धांजलि यात्राएं एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य एवं पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल तथा एआईसीसी कॉर्डिनेटर एवं अभियान संयोजक अंशुल त्रिवेदी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर कमलेश्वर पटेल ने कहा कि देश का छात्र केवल परीक्षाओं की चुनौती ही नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों का भी सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और परीक्षा संबंधी विवादों से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है तथा कांग्रेस शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग को लेकर संघर्ष जारी रखेगी।

अभियान संयोजक अंशुल त्रिवेदी ने कहा कि 'छात्रों की गूंज' विद्यार्थियों के अधिकारों और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर चलाया जा रहा अभियान है। उन्होंने कहा कि श्रद्धांजलि यात्रा के माध्यम से दिवंगत विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई है तथा आने वाले समय में इस अभियान का विस्तार कर छात्रों की आवाज़ को व्यापक स्तर तक पहुंचाया जाएगा। एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे ने कहा कि प्रत्येक छात्र निष्पक्ष परीक्षा और सुरक्षित भविष्य का अधिकार रखता है। उन्होंने कहा कि 'छात्रों की गूंज' अभियान के माध्यम से छात्रों की आवाज़ को प्रदेश के प्रत्येक कॉलेज और विश्वविद्यालय तक पहुंचाया जाएगा। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, संगठन महासचिव अभिषेक शर्मा, एनएसयूआई उपाध्यक्ष रवि परमार, जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर, ब्लॉक कांग्रेस कोलार अध्यक्ष राहुल राठौड़ सहित कांग्रेस, एनएसयूआई के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story