जबलपुरः पीएम ई-बस सेवा के साथ मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत कुल 100 बसों का हुआ भव्य शुभारंभ
जबलपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)।संस्कारधानी जबलपुर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुगम और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में गुरुवार को एक नया अध्याय जुड़ गया है। शहर के नागरिकों को जाम और प्रदूषण से राहत दिलाने के साथ ही बेहतर कनेक्टिविटी देने के उद्देश्य से 45 पी.एम. ई-बस और मुख्यमंत्री सुगम परिवहन योजना की 55 बसों समेत कुल 100 नई बसों का भव्य शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के शुभारंभ कार्यक्रम में महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’, सांसद आशीष दुबे, विधायकगण अशोक ईश्वरदास रोहाणी, सुशील तिवारी, डॉ. अभिलाष पांडे, भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, जबलपुर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष संदीप जैन, जे.डी.ए. उपाध्यक्ष प्रशांत केसरवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर इन बसों को रवाना किया।
इस अवसर पर महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए इन बसों में आधुनिक तकनीक का व्यापक समावेश किया गया है। सुगम आवागमन के लिए दिव्यांगजन पंच बटन की विशेष व्यवस्था की गई है। यात्रियों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर बस में जी.पी.एस. ट्रैकिंग और सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाए गए हैं।
स्वाचालित पैसेंजर अनाउंसमेंट सिस्टम यात्रियों को अगले बस स्टॉप की जानकारी देता है, रूट डिस्प्ले सिस्टम - रूट नंबर, एवं यात्रा से जुड़ी दूसरी जानकारी दिखाता है, व्हीलचेयर लिफ्ट दिव्यांग यात्रियों के लिए आसानी से बस में चढ़ने की सुविधा देता है, सीटिंग कैपेसिटी व ऑटोमैटिक डोसर्रू बस में 25 सीटें हैं चढ़ने-उतरने के लिए 2 ऑटोमैटिक दरवाजे हैं जो केवल तय बस स्टॉप्स पर ही खुलेंगे बंद होंगे, सी.सी.टी.वी. सर्विलांस सिस्टम - यात्रियों की सुरक्षा के लिए रियल-टाइम मॉनिटरिंग की सुविधा देता है, एयर सस्पेंशन सिस्टम - बेहतर राइड कम्फर्ट और स्थिरता सुनिश्चित करता है, फायर डिटेक्शन और अलार्म सिस्टम आग के खतरों का पता लगाता है और पहले से चेतावनी देता है।
पेनिक बटन आपातकालीन स्थिति में महिलाओ के लिए बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित करता है, एवं कॉम्पैक्ट साइज सामान्य बसों की तुलना में इनकी लंबाई-चैड़ाई थोड़ी कम रखी गई है, जिससे संकरे रास्तों और ट्रैफिक में मोड़ना बेहद आसान होगा। शून्य उत्सर्जन वाली ये इलेक्ट्रिक बसें शहर के वायु प्रदूषण को घटाने और स्वच्छ-हरित जबलपुर के संकल्प को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाएंगी।
सांसद आशीष दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत शहर को पड़ोसी जिलों और प्रमुख कस्बों से जोड़ने के लिए नई बसों की शुरुआत की गई है। इंटर सिटी मार्ग - जबलपुर से छिंदवाड़ा 6 बसें, जबलपुर से बालाघाट 2 बसें तथा जबलपुर से सागर 2 बसें, अंतरशहरी मार्ग - जबलपुर से कटंगी 2 बसें, जबलपुर से मझोली 2 बसें एवं जबलपुर से सिहोरा 2 बसें।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि शहर की परिवहन जरूरतों को पूरी तरह संतृप्त करने के लिए जल्द ही 69 अतिरिक्त पी.एम. ई-बसें जबलपुर को मिलेंगी। इसके बाद शहर और उपनगरीय मार्गों पर कुल लगभग 150 बसों का मजबूत नेटवर्क संचालित होगा, जिससे हर प्रमुख मार्ग पर यात्रियों को चंद मिनटों के अंतराल में सुरक्षित और आधुनिक बस सेवा उपलब्ध हो सकेगी।
जनप्रतिनिधियों ने इस अवसर पर शहर के नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि इन अत्याधुनिक और प्रदूषण-रहित ई-बसों के संचालन से आम नागरिकों, छात्रों, दैनिक यात्रियों और पर्यटकों को सुरक्षित, सस्ती और आरामदायक यात्रा की सुविधा मिलेगी, साथ ही, अंतरशहरी बसों के शुरू होने से जबलपुर का नजदीकी जिलों से संपर्क और अधिक मजबूत होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

