मंदसौरः नवरात्रि में धूम धाम से हो रही है मां की आराधना
मंदसौर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर नगर के मेघदूत एवं यश नगर में मेघ यश महिला गरबा मंडल के तत्वाधान में एक वर्ष पूर्व प्रारंभ हुए गरबे पूरे शहर में चर्चा का विषय बने हुए है।
संयोजक डॉ गौतम वप्ता ने शनिवार को बताया कि अपनी सनातन संस्कृति के अनुरूप सादगीपूर्ण तरीके से होने वाले गरबे की आरती से लगाकर, संचालन, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और प्रतिदिन होने वाले गरबे के प्रशिक्षण तक की सारी व्यवस्थाएं मातृशक्तियो के द्वारा की जाती है, पिछले सात दिनों में मनमोहक और उत्साह से भरपूर हुए गरबे शहर भर में एक उदाहरण बनाता जा रहा है,आगामी दिनों में महत्वपूर्ण और प्रेरक गरबे जैसे काठियावाड़ी, तलवार गरबे, बंगाली गरबे के साथ साथ शस्त्र पूजन का भी वृहद स्तर पर आयोजन होना है। यंहा गरबे 8 बजे आरती के साथ प्रारंभ होकर 10.30 पर समाप्त हो जाते है, लेकिन आगामी दिनों में गरबे का कुछ समय बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है। साथ ही वार्ड 39 में अलग अलग जगहों पर मेघदूत माताजी मंदिर, गांधीनगर नवदुर्गा गरबा मंडल, रामेश्वर महादेव मंदिर, महांकाल गार्डन सभी गरबा समितियां द्वारा प्रत्येक दिन आकर्षक, सभ्यता और संस्कृति से परिपूर्ण गरबे का आयोजन किया जा रहा है यह जानकारी वार्ड की पार्षद भारती पाटीदार ने दी।
अनुशासन और नारी शक्ति की मिसाल बना खानपुरा का मातृशक्ति गरबा उत्सव
शहर के खानपुरा क्षेत्र में मातृशक्ति गरबा उत्सव समिति आस्था, परंपरा, अनुशासन और महिला सशक्तिकरण की अनूठी मिसाल पेश कर रही है। समिति अपने गौरवशाली 25 वर्ष पूरे करने की ओर अग्रसर है। विशेष बात यह है कि मौसम चाहे गर्मी का हो, सर्दी का या बारिश का, मां की आराधना और गरबा उत्सव की परंपरा लगातार जारी है। इस धार्मिक आयोजन को वर्षों से पुष्पा दीदी भंडारी के नेतृत्व में निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। खानपुरा क्षेत्र का यह गरबा अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। यहां केवल महिलाएं और बालिकाएं ही गरबा खेलती हैं तथा पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ मां दुर्गा की आराधना करती हैं। गरबा केवल नृत्य और उत्सव तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मातृशक्ति की एकजुटता, संस्कारों और धार्मिक आस्था का प्रतीक बन चुका है। बड़ी संख्या में महिलाएं और बालिकाएं इसमें भाग लेकर परंपरा को जीवंत बनाए हुए हैं।
श्री पिपलीवाली माताजी मंदिर जीवागंज प्रांगण में गरबोत्सव में हो रही है मां की आराधना
श्री पिपली वाली माता जी मंदिर जीवागंज प्रांगण में शारदीय नवरात्रि पर्व में नव शक्ति गरबा मंडल के तत्वावधान में गरबोत्सव का आयोजन बड़े ही धार्मिक और गरिमा पूर्ण वातावरण व सांस्कृतिक स्वरूप में चल रहा है। प्रतिदिन मां की गरबा आराधना करने के लिए बालिकाएं युवतियां बड़ी संख्या में यहां एकत्र होती है माता जी की प्रतिष्ठित प्रतिमा का पूजन अर्चन करने के बाद गरबा प्रांगण में महा आरती की जाती है पश्चात माताजी की आरती होती है और गरबोत्सव का शुभारंभ होता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

