जबलपुर : डुमना एयरपोर्ट पर टैक्सी किराया तय, मनमानी वसूली पर होगी सख्त कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर : डुमना एयरपोर्ट पर टैक्सी किराया तय, मनमानी वसूली पर होगी सख्त कार्रवाई


जबलपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के डुमना विमानतल पर टैक्सी संचालकों की मनमानी पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। यात्रियों से मनमाना किराया वसूले जाने की लगातार मिल रही शिकायतों और इससे उत्पन्न होने वाले विवादों को देखते हुए क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) रिंकू शर्मा ने टैक्सियों के लिए अधिकृत किराया सूची जारी कर दी है।

आरटीओ रिंकू शर्मा ने कहा है कि निर्धारित दरों से अधिक किराया वसूलने वाले टैक्सी चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य यात्रियों को पारदर्शी और सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि एयरपोर्ट पर टैक्सी संचालन में अनुशासन बना रहे और यात्रियों को अनावश्यक आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।

जारी की गई नई दरों के अनुसार, 1 से 10 किलोमीटर तक की यात्रा के लिए 500 रुपये, 11 से 15 किलोमीटर के लिए 700 रुपये, 16 से 20 किलोमीटर के लिए 800 रुपये तथा 21 से 25 किलोमीटर तक के लिए 1000 रुपये किराया निर्धारित किया गया है। इसके अलावा समय और दूरी के आधार पर भी किराया तय किया गया है। 4 घंटे अथवा 40 किलोमीटर तक के लिए 1200 रुपये, 6 घंटे अथवा 60 किलोमीटर तक के लिए 1500 रुपये तथा 8 घंटे अथवा 80 किलोमीटर तक के लिए 1800 रुपये निर्धारित किए गए हैं।

जिला प्रशासन के इस फैसले से डुमना विमानतल आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। नई किराया व्यवस्था लागू होने से टैक्सी चालकों की मनमानी पर अंकुश लगेगा और किराए को लेकर होने वाले विवादों में भी कमी आएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story