राजगढ़ःदुग्ध समृद्धि अभियान में लापरवाही पर सीईओ सख्त, धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ःदुग्ध समृद्धि अभियान में लापरवाही पर सीईओ सख्त, धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी


राजगढ़, 23 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में संचालित दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान की प्रगति को लेकर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. इच्छित गढ़पाले ने गुरुवार को जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर कड़ा रुख अपनाया।

बैठक में सभी विकासखंडों के पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों द्वारा अभियान के तहत किए गए कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान जीरापुर और ब्यावरा विकासखंड की प्रगति निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप नहीं मिलने पर डॉ. गढ़पाले ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित पशु चिकित्सा विस्तार अधिकारियों को एक दिन के भीतर लंबित कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा में लक्ष्य पूरा नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के तीन दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में नरसिंहगढ़ की पशु चिकित्सा विस्तार अधिकारी डॉ. दीपलता मांडवी के अनुपस्थित रहने पर भी नाराजगी जताई गई। सीईओ ने उनके विरुद्ध कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संस्था प्रभारियों को अपने-अपने ग्रामों में उपस्थित रहकर कार्य करने और लोकेशन सहित प्रगति रिपोर्ट उप संचालक, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, राजगढ़ को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

डॉ. गढ़पाले ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचना चाहिए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को अभियान की गति तेज करने और शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में यह भी तय किया गया कि 25 जुलाई को अभियान की प्रगति की पुनः समीक्षा की जाएगी।

बैठक में उप संचालक, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, जिला डीआरओ अधिकारी सहित जिले के सभी पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ एवं पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story