लगातार चल रहीं तेज गर्म हवाओं के कारण, तापमान 46 डिग्री पहुंचा

WhatsApp Channel Join Now
लगातार चल रहीं तेज गर्म हवाओं के कारण, तापमान 46 डिग्री पहुंचा


मुरैना, 10 जून (हि.स.)। तेज गर्म हवाओं के कारण रात का तापमान विगत 4 दिवस से निरंतर बढ़ते हुये आज 31 डिग्री तक पहुंच गया है। आगामी 5 दिवस में यह तापमान लगभग 35 डिग्री तक पहुंच सकता है। आंचलिक कृषि अनुसंधान केन्द्र एवं मौसम विभाग के अनुसार पहली बार न्यूनतम तापमान के 34 डिग्री से ऊपर पहुंचने की संभावना है। इससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना इस सप्ताह के अंत तक करना पड़ सकता है। इसके साथ ही उच्चतम तापमान भी बीते चार दिवस से चल रही तेज हुईं गर्म हवाओं के कारण आज एक बार फिर 46 डिग्री तक पहुंच गया है। दो दिवस पूर्व 8 जून की दोपहर सबसे अधिक गर्म रही क्योंकि इस दिन भी दोपहर का तापमान 46 डिग्री के पार पहुंच गया। इस भीषण गर्मी के कारण दोपहर के समय आम आदमी का घर से निकलना बंद सा हो गया है।

मजबूरी में घर से बाहर निकले लोग अपने आपको सुरक्षित रखने के लिये सिर ढककर निकल रहे हैं। दोपहर में बाजार लगभग सूने से दिखाई दे रहे हैं। घर से बाहर सिर ढककर निकले लोग गर्मी से राहत पाने के लिये ठण्डा पानी व पेय पदार्थ की दुकानों पर पहुंच रहे हैं।

मौसम तकनीकी विशेषज्ञ के अनुसार गर्म हवाओं के निरंतर चलने की संभावना अधिक है। इससे तापमान भी बढ़ सकता है। मुरैना जिले में 6 जून की दोपहर दर्ज किया गया उच्चतम तापमान 38 डिग्री से 48 घंटे में 46 डिग्री तक पहुंच गया। हालांकि 9 जून की दोपहर तापमान 1 डिग्री कम होकर 45 डिग्री पर पहुंचा। लेकिन तेज गर्म हवाओं ने आम आदमी को भीषण गर्मी की चपेट में ला दिया।

बीते 96 घंटों में दिन का तापमान ही नहीं बढ़ा बल्कि रात व सुबह का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री से प्रति 24 घंटे एक डिग्री निरंतर बढ़ रहा है। दिन और रात के बढ़ते तापमान से आमजन को घर में कैद रहने का अघोषित संदेश गर्मी के कारण है। मंगलवार सुबह 7:00 बजे से ही तेज गर्म हवाएं चलना आरंभ हो गई, जिससे लोग भीषण गर्मी का सामना सुबह से ही कर रहे हैं।

इस भीषण गर्मी के प्रभाव से रिक्शे वाले से लेकर दुकानदार, व्यवसायी सहित शासकीय अधिकारी, कर्मचारी भी परेशान दिखाई दे रहे हैं। तेज गर्म हवाओं के कारण प्रमुख बाजार में उपभोक्ताओं की संख्या अत्यधिक कम दिखाई दे रही है। शीतल पेय पदार्थ की बिक्री करने वाले दुकानदारों की आय बढ़ गई है। इस बार गर्मी के निरंतर बढऩे की संभावना जताई जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार वर्ष 2019 में नौतपा के बाद जून माह में 49 डिग्री तापमान रिकार्ड किया गया था, हालांकि 46 डिग्री पहले भी कई बार रह चुका है और 47 व 48 तो अनेकों बार रहा है, फिर भी नौतपा के बाद लोग सोच रहे थे कि कुछ राहत मिलेगी। सोमवार 9 जून को दिन का तापमान 45 डिग्री पर पहुंचने के बाद भी सुबह का तापमान 30 डिग्री दर्ज किया गया। जिससे दिन में तो लोग परेशान हैं ही, रात में भी आराम नहीं मिल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story