नशामुक्त भारत के संकल्प में समाज की भागीदारी जरूरी: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

WhatsApp Channel Join Now
नशामुक्त भारत के संकल्प में समाज की भागीदारी जरूरी: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव


नशामुक्त भारत के संकल्प में समाज की भागीदारी जरूरी: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव


- भोपाल में दिव्यांगजनों और महिलाओं के साथ सुनी ‘मन की बात’, बैतूल के आठनेर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने किया श्रवण

भोपाल/बैतूल, 29 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का रविवार को मध्यप्रदेश में व्यापक स्तर पर श्रवण किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में दिव्यांगजनों और महिलाओं के साथ कार्यक्रम सुना, वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने बैतूल जिले के आठनेर में केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके के साथ बूथ क्रमांक 322 पर ‘मन की बात’ सुनी। प्रदेशभर में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भी अपने-अपने बूथों पर कार्यक्रम में सहभागिता की।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ‘मन की बात’ देश की सामूहिक चेतना, जनभागीदारी और सकारात्मकता को दिशा देने का सशक्त माध्यम है। प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के जरिए प्रेरणादायी विचारों, नवाचारों और समाज में बदलाव लाने वाले प्रयासों को देशवासियों तक पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में नशे की लत से जूझ रहे लोगों के संघर्ष और उससे बाहर निकलने के अनुभवों से यह समझने का अवसर मिला कि नशा किस तरह व्यक्ति के साथ उसके परिवार को भी प्रभावित करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के विरुद्ध सरकार के प्रयासों के साथ समाज की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। परिवार और आसपास यदि कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में है, तो उसे इससे बाहर आने में सहयोग देना चाहिए। उन्होंने प्रदेशवासियों से वर्ष 2029 तक भारत और मध्यप्रदेश को नशामुक्त बनाने के संकल्प में सहभागी बनने का आह्वान किया।

महिलाओं और दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं और बेटियों को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लाड़ली बहना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना और स्व-सहायता समूहों के माध्यम से काम कर रही है। इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास के अवसर उपलब्ध कराना है।

दिव्यांगजनों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा कि शारीरिक चुनौतियां प्रतिभा और क्षमता की राह में बाधा नहीं बन सकतीं। प्रदेश में दिव्यांगता की श्रेणियां बढ़ाकर 21 की गई हैं। पेंशन, शिक्षा, प्रोत्साहन, विवाह सहायता, खेल और सिविल सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उनके सम्मान, स्वावलंबन और बेहतर जीवन के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ से प्रेरणा लेकर समाज को नशामुक्ति, महिला सशक्तिकरण और दिव्यांगजनों के सम्मान के लिए मिलकर काम करना चाहिए। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री नारायण सिंह कुशवाह और महापौर मालती राय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

युवाओं को नशे से बचाना पूरे समाज की जिम्मेदारी: हेमंत खंडेलवाल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि ‘मन की बात’ देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का माध्यम है। यह कार्यक्रम केवल संवाद तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के जनमानस की भावनाओं, नवाचारों और बदलाव की कोशिशों को समझने का अवसर भी देता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से बचाना पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में अभियान चलाया जा रहा है।

हेमंत खंडेलवाल ने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की जरूरत बताते हुए कहा कि जनजातीय बहुल बैतूल जिले में जैविक उत्पादों और स्थानीय संसाधनों की अच्छी संभावनाएं हैं। बेहतर गुणवत्ता, ब्रांडिंग और पैकेजिंग के जरिए यहां के शहद, गुड़ सहित अन्य उत्पादों को देश-दुनिया के बाजारों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के उत्पादों का वैल्यू एडिशन कर उन्हें बाजार उपलब्ध कराने के लिए जिला और ब्लॉक स्तर पर स्टोर स्थापित करने के प्रयास किए जाएंगे।

दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत करने पर जोर

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश में दुग्ध उत्पादन को नई ऊंचाई तक ले जाने का लक्ष्य है। उनके अनुसार, प्रदेश में दूध संकलन आठ लाख लीटर से बढ़कर 12 लाख लीटर तक पहुंचा है और इसे 50 लाख लीटर तक ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अमूल जैसी दुग्ध क्रांति स्थापित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। बैतूल में बकरी पालन और बकरी के दूध के उत्पादन की भी संभावनाएं हैं। इन गतिविधियों को प्रोत्साहन देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में भारतीय खानपान, साहित्य, कला, धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विषयों को स्थान दिया है। समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास करे, तो व्यापक बदलाव संभव है।

कार्यक्रम में योग आयोग के अध्यक्ष डॉ. राघवेंद्र शर्मा, जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, कृष्णा गायकी, नगर परिषद अध्यक्ष सुषमा मनोज जगताप, उपाध्यक्ष विनय जीतपुरे, विधायक प्रतिनिधि अजय वर्मा, मंडल अध्यक्ष गोवर्धन राने, बूथ अध्यक्ष राम रूरपुरे सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, छात्र-छात्राएं और पार्टी पदाधिकारी-कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785463 Articles

Share this story