डीआरएम ने ग्वालियर-कैलारस और रायरू-हेतमपुर रेलखंड का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
डीआरएम ने ग्वालियर-कैलारस और रायरू-हेतमपुर रेलखंड का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा


- संरक्षा, विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं पर दिया विशेष जोर

मुरैना] 24 जून (हि.स.)। झांसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने बुधवार को परख निरीक्षण यान के माध्यम से ग्वालियर-कैलारस एवं रायरू-हेतमपुर रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा, ट्रैक की स्थिति, रेल संरचनाओं तथा परिचालन व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

ग्वालियर-कैलारस खंड के निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने कैलारस स्टेशन के समीप चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं तथा यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाया जाए। इस दौरान स्टेशन मास्टर कक्ष, बैटरी रूम, कैटरिंग स्टॉल सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया और अग्नि सुरक्षा प्रबंधों की भी जांच की गई।

निरीक्षण के क्रम में रायरू माल गोदाम पर चल रहे निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया गया। डीआरएम ने कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्ता युक्त कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीआरएम ने चंबल ब्रिज सहित विभिन्न रेल संरचनाओं एवं परिचालन व्यवस्थाओं का भी गहन परीक्षण किया। वहीं हेतमपुर-धौलपुर रेलखंड में चल रहे सेस रिपेयरिंग कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।

इस दौरान विशेष रूप से डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने हेतमपुर-चंबल ब्रिज खंड का फुट-बाय-फुट पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान ट्रैक, रेल संरचना एवं संरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की बारीकी से जांच कर संरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रेल संरक्षा, यात्री सुविधाओं और विकास कार्यों में उच्च गुणवत्ता मानकों को बनाए रखते हुए सभी परियोजनाओं को प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) अशोक प्रिय गौतम, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (टीआरडी) सतवीर सिंह, मंडल परिचालन प्रबंधक (कोचिंग) उर्वशी शेखावत, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (नॉर्थ) अजय कुमार मीणा, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन तथा वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर (मेन लाइन) राजकुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story