आसमान में उड़ते सपने: पीएम श्री पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा ने बदला ग्रामीणों का नजरिया

WhatsApp Channel Join Now
आसमान में उड़ते सपने: पीएम श्री पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा ने बदला ग्रामीणों का नजरिया


आसमान में उड़ते सपने: पीएम श्री पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा ने बदला ग्रामीणों का नजरिया


अशोकनगर, 12 जुलाई (हि.स.)। कभी आम आदमी, विशेषकर ग्रामीण अंचलों के निवासियों के लिए हवाई यात्रा केवल एक कल्पना मात्र थी। लेकिन मध्य प्रदेश के अशोकनगर के पर्यटन क्षेत्र चंदेरी की ऐतिहासिक धरा पर रविवार का दिन इस सपने को साकार करने का गवाह बना। मध्य प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी 'पीएम श्री पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा' ने आज उस समय एक अविस्मरणीय इतिहास रचा, जब उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले से आए तीन ग्रामीणों ने गर्व के साथ चंदेरी से ओरछा की हवाई उड़ान भरी।

ग्रामीणों के लिए बनी यादगार उड़ानउत्तर प्रदेश के ग्राम बरोदा स्वामी (जखौरा के पास) से पधारे आसाराम लोधी, ग्यासिया लोधी और अनेक लोधी ने जब चंदेरी हेलीपैड से ओरछा के लिए उड़ान भरी, तो वहाँ मौजूद हर व्यक्ति आश्चर्यचकित और गौरवान्वित था। उनके परिजनों ने भावुक होकर बताया, ओरछा हमारे गाँव के करीब है, लेकिन हमारे अपनों ने 'पीएम श्री हेलीकॉप्टर सेवा' का अनुभव लेने के लिए चंदेरी को विशेष रूप से चुना। यह पल न केवल इन यात्रियों के लिए यादगार रहा, बल्कि चंदेरी के लिए भी एक ऐतिहासिक उपलब्धि बन गया।

लगातार बढ़ रहा है 'पीएम श्री' का आकर्षणमध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 19 अप्रैल 2026 को भोपाल-चंदेरी-ओरछा के बीच शुरू की गई यह सेवा अब जन-जन की पसंद बनती जा रही है। 'फ्लाई ओला' (जेड सर्व एविएशन की सहायक कंपनी) द्वारा संचालित यह हेलीकॉप्टर सेवा पर्यटकों के लिए चंदेरी की विरासत को निहारने का नया माध्यम बन गई है। हेरिटेज नगरी चंदेरी में हवाई सेवा की धमक से पर्यटकों में खासा उत्साह है, जो अब चंदेरी की ऐतिहासिक सुंदरता को आसमान से निहार रहे हैं।

जॉय-राइड के किराए में कटौती की मांग, जल्द मिल सकती है राहतवर्तमान में चंदेरी में 10 मिनट की 'जॉय-राइड' के लिए ₹3500 का किराया निर्धारित है। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. योगेश मिश्रा सहित कई पर्यटन प्रेमियों ने इस किराए को अधिक बताते हुए इसे ₹1500 से ₹2000 के मध्य करने की मांग उठाई है।

सूत्रों के अनुसार, मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड के एविएशन सलाहकार ने इस संबंध में 'फ्लाई ओला' प्रबंधन को आधिकारिक पत्र भेजा है। उम्मीद जताई जा रही है कि निकट भविष्य में किराए में कटौती होगी, जिससे आम नागरिक और अधिक संख्या में इस सेवा का लाभ उठा सकेंगे। किराया कम होने से जहाँ यात्रियों की संख्या में वृद्धि होगी, वहीं कंपनी को भी बेहतर प्रतिसाद मिलने की पूरी संभावना है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

Share this story