मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आज कूनो नेशनल पार्क दौरा, 10 घड़ियाल और कछुओं का होगा पुनर्वास

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आज कूनो नेशनल पार्क दौरा, 10 घड़ियाल और कछुओं का होगा पुनर्वास


भाेपाल, 01 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव आज रविवार को श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर करीब 1 बजे हेलीकॉप्टर से कूनो पहुंचेंगे और कूनो नदी में 10 घड़ियालों के साथ कछुओं को भी छोड़ेंगे। यह कार्यक्रम वन्यजीव संरक्षण और नदी पारिस्थितिकी तंत्र के सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कूनो नदी में घड़ियाल और कछुओं का पुनर्वास जैव विविधता संरक्षण की दृष्टि से अहम है। विशेषज्ञों के अनुसार इससे नदी तंत्र का प्राकृतिक संतुलन मजबूत होगा और जलीय जीवों की संख्या में वृद्धि को प्रोत्साहन मिलेगा। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन, वन विभाग और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं। कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और कूनो नदी के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों की अलग-अलग ड्यूटी लगाई गई है और स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। मुख्यमंत्री लगभग एक घंटे कूनो में रुकेंगे। घड़ियाल और कछुओं को नदी में छोड़ने के बाद वे हेलीकॉप्टर से अशोकनगर के लिए रवाना होंगे।

28 फरवरी का दौरा हुआ था निरस्त

उल्लेखनीय है कि 28 फरवरी को मुख्यमंत्री का कूनो दौरा प्रस्तावित था, जिसमें बोत्सवाना से लाए गए 9 चीतों को जंगल में छोड़ा जाना था। हालांकि, ऐन समय पर उनका दौरा निरस्त हो गया था। उस कार्यक्रम में केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री शामिल हुए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story