दिल्ली में कालाबाजारी के लिए ले जाए जा रहे 90 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
मुरैना, 2 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के जौरा से दिल्ली ले जाए जा रहे 90 घरेलू गैस सिलेंडरों को बागचीनी थाना पुलिस ने बुधवार सुबह कार्रवाई करते हुए जब्त किया है। पुलिस ने सिलेंडरों से भरे लोडिंग वाहन को रोककर चालक और उसके सहयोगी को हिरासत में लिया। दोनों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जौरा तहसील मुख्यालय से बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर एक वाहन में भरकर दिल्ली की ओर ले जाए जा रहे हैं। सूचना में इन सिलेंडरों को दिल्ली में कालाबाजारी के लिए ले जाने की आशंका जताई गई थी।
मुखबिर की सूचना के आधार पर बागचीनी थाना पुलिस ने थाना परिसर के सामने संदिग्ध लोडिंग वाहन को रोक लिया। तलाशी लेने पर वाहन में 90 घरेलू गैस सिलेंडर रखे मिले। पुलिस ने वाहन में मौजूद चालक और उसके सहयोगी से सिलेंडरों के संबंध में दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने सिलेंडरों और वाहन को जब्त कर दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर कहां से लाए गए थे और इन्हें दिल्ली में किसे तथा किस उद्देश्य से पहुंचाया जाना था।
हिन्दुस्थान समाचार/उपेंद्र गौतम
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

