अस्पताल परिसर में डॉक्टर की कार ने छह लोगों को रौंदा, घायल चंदन का दूसरा पैर भी टूटा

WhatsApp Channel Join Now
अस्पताल परिसर में डॉक्टर की कार ने छह लोगों को रौंदा, घायल चंदन का दूसरा पैर भी टूटा


गुना, 25 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के गुना जिला अस्पताल परिसर में बुधवार को ड्यूटी से घर लौट रहे एक डॉक्टर की कार अनियंत्रित होकर छह लोगों को टक्कर मारते हुए दीवार से जा टकराई। हादसे में चार महिलाओं और दो बच्चों सहित छह लोग घायल हो गए। घायलों में नौ माह की गर्भवती महिला भी शामिल है।

हादसे के दौरान कार के नीचे फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए मौके पर मौजूद लोगों ने वाहन को उठाया। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर सुभाष सोनकर ड्यूटी समाप्त होने के बाद अपनी कार से घर जा रहे थे। इसी दौरान अस्पताल परिसर में अचानक कार अनियंत्रित हो गई और वहां मौजूद लोगों को कुचलते हुए दीवार से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की चपेट में आए लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। दीवार से टकराने के बाद वाहन रुका, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

हादसे में घायल एक महिला के परिजन ने बताया कि वे आवन से अपनी नौ माह की गर्भवती बहू की सोनोग्राफी कराने जिला अस्पताल आए थे। परिसर में किनारे खड़े होने के दौरान अचानक कार उनकी ओर आई और बहू सहित उन्हें टक्कर मार दी। कार के नीचे दबे घायलों को आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बाहर निकाला।

हादसे का शिकार हुए चंदन ने बताया कि सुबह ही एक अन्य वाहन की टक्कर से उसका एक पैर फ्रैक्चर हो गया था। वह प्लास्टर चढ़वाने के बाद घर जाने की तैयारी कर रहा था, तभी डॉक्टर की कार ने उसे टक्कर मार दी। इससे उसका दूसरा पैर भी फ्रैक्चर हो गया।

आरएमओ डॉ. पीएल धाकड़ ने बताया कि हादसे में चार महिलाएं और दो बच्चे घायल हुए हैं। सभी का उपचार किया जा रहा है। उनके मुताबिक, डॉक्टर की तबीयत खराब थी और चक्कर आने के कारण कार अनियंत्रित हो गई। घायल गर्भवती महिला की जांच कर ली गई है और फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है।

वहीं, प्रत्यक्षदर्शी एवं समाजसेवी धर्मवीर सिंह ढिल्लो ने अस्पताल परिसर में वाहन की गति और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी चालक को वाहन चलाने में परेशानी है तो उसे ड्राइवर की मदद लेनी चाहिए। इस पर आरएमओ ने बताया कि डॉक्टर के पास ड्राइवर है, लेकिन बुधवार को वे स्वयं कार चला रहे थे। हादसे के बाद जिला अस्पताल परिसर में वाहनों की आवाजाही और सुरक्षा इंतजामों को लेकर तमाम सवाल उठ रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782993 Articles

Share this story