झाबुआ: कलेक्टर कै रूप में पदभार ग्रहण करने के पूर्व डॉ. भरसट ने दक्षिणमुखी कालका मंदिर एवं संकट मोचन हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना की
झाबुआ, 12 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जनजातीय बाहुल्य झाबुआ जिला कलेक्टर के रूप में सोमवार को पदभार ग्रहण करने जा रहे नव पदस्थ जिला कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने झाबुआ आते ही सर्वप्रथम देवी कालका एवं हनुमानजी की पूजा अर्चना की। इसके बाद उन्होंने गेल रेस्ट हाउस में उनके स्वागत के लिए मौजूद मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा स्वागत अभिनन्दन स्वीकार किया।
प्रदेश शासन द्वारा मुख्य कार्यपालन अधिकारी आयुष्मान भारत, भोपाल, डॉ. योगेश तुकाराम भरसट को झाबुआ जिला कलेक्टर के रूप में पदस्थ किए जाने संबंधी आदेश के बाद आज रविवार को झाबुआ पहुंचे डॉ. भरसट ने सबसे पहले जन आस्था के केन्द्र एवं एतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण प्राचीन दक्षिणमुखी श्री कालका देवी मंदिर एवं संकट मोचन हनुमान मंदिर पहुंचकर दोनों स्थानों पर सपरिवार विधि विधान से पूजा-अर्चना करते हुए जिले की सुख-समृद्धि, शांति एवं सर्वांगीण विकास की कामना की। जिला कलेक्टर के रूप में डॉ. योगेश तुकाराम भरसट सोमवार को विधिवत रूप से कलेक्टर पद का कार्यभार ग्रहण करेंगे। उक्त आध्यात्मिक शक्ति केन्द्रों पर मंदिर के पुजारियों द्वारा उनका अभिनंदन करते हुए अलावा बांधा गया।
उक्त दोनों धार्मिक स्थलों पर दर्शन के बाद नवागत कलेक्टर डॉ भरसट गेल रेस्ट हाउस पहुंचे जहां उनके स्वागत के लिए मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों से उन्होंने स्वागत सत्कार कुबूल किया।
गैल रेस्ट हाउस में नवागत जिला कलेक्टर डॉ योगेश तुकाराम भरसट को पुष्प भेंट करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी, सहायक कलेक्टर आशीष कुमार, एसडीएम झाबुआ महेश कुमार मण्डलोई, एसडीएम थांदला भास्कर गाचले सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा उनका आत्मीय अभिनंदन किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा

