दीपावली पर गरीबों, किसानों और युवाओं के हितों का ध्यान रखे सरकार: जीतू पटवारी

WhatsApp Channel Join Now
दीपावली पर गरीबों, किसानों और युवाओं के हितों का ध्यान रखे सरकार: जीतू पटवारी


भोपाल, 07 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दीपावली के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की है। उन्होंने शनिवार काे अपने शुभकामना संदेश में कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का पर्व नहीं, बल्कि अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और निराशा पर आशा की विजय का प्रतीक है। यह पर्व समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का संदेश देता है।

जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से आग्रह किया कि दीपावली के अवसर पर प्रदेश के गरीबों, किसानों, युवाओं और जरूरतमंद वर्गों के हित में कुछ महत्वपूर्ण संकल्प लिए जाएं। उन्होंने कहा कि आम जनता को महंगाई से राहत देने के लिए खाद्य सामग्री, रसोई गैस और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।

किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के साथ खाद, बीज और बिजली की पर्याप्त उपलब्धता पर ध्यान दिया जाए। किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण होना चाहिए। वहीं, प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए नई भर्तियां शुरू करने, भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता बनाए रखने और समयबद्ध नियुक्तियां सुनिश्चित करने की जरूरत बताई।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पटवारी ने गरीब परिवारों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और जरूरतमंद लोगों के लिए राहत एवं कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया। इसके अलावा उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, कानून व्यवस्था, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देने तथा सभी धर्मों और समुदायों के बीच आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की।

उन्होंने कहा कि त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी सार्थक है, जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक खुशहाली पहुंचे। सरकार का दायित्व है कि विकास और समृद्धि का लाभ प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को मिले, न कि यह कुछ वर्गों तक सीमित रहे।

अंत में पटवारी ने प्रदेशवासियों से दीपावली का पर्व प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों के साथ खुशियां साझा करें और पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774014 Articles

Share this story