नागरिकों के आवेदनों, प्रकरणों का संवेदनशीलता के साथ त्वरित निराकरण करें: संभागायुक्त
रायसेन, 03 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने जिला अधिकारियों से कहा कि नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ तथा सेवाओं की प्रदायगी समयावधि में पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित कराना शासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी दृढ़ संकल्पित होकर कार्य करें। नागरिकों की समस्याओं का नियमों को ध्यान रखते हुए संवेदनशीलता और व्यवहारिक दृष्टिकोण के साथ त्वरित रूप से निराकरण किया जाए।
संभागायुक्त शर्मा शुक्रवार को रायसेन कलेक्ट्रेट में जिले में विभिन्न विभागों के कार्यो की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बैठक में विभागवार योजनाओं तथा कार्यो की प्रगति की समीक्षा की। रायसेन कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा द्वारा संभागायुक्त को जिले में शासन की योजनाओं तथा कार्यो की प्रगति से अवगत कराया गया।
संभागायुक्त शर्मा ने राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा आदि राजस्व प्रकरणों के निराकरण की तहसीलवार समीक्षा करते हुए राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रकरणों को समयसीमा के पहले ही निराकृत किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि एक भी प्रकरण समय सीमा से बाहर ना हो, यह सुनिश्चित कराएं। इसी प्रकार लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रकरणों की भी समीक्षा करते हुए समय सीमा में निराकरण हेतु निर्देशित किया गया।
उन्होंने सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए 50 दिवस से अधिक समयावधि की लंबित शिकायतों के निराकरण हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री वृंदावन ग्राम योजना अंतर्गत जिले में चयनित चार ग्रामों की जनपद स्तर पर पांच वर्षो की कार्ययोजना तैयार हो गई है।
संभागायुक्त शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की समीक्षा करते हुए आवासों का निर्माण कार्य शीघ्रता से पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि हितग्राहियों को किस्त का भुगतान समय पर हो तथा राशि का उपयोग आवास निर्माण में ही हो यह सुनिश्चित कराएं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत समग्र सीडिंग कार्य समय से पूर्ण कराने, जनमन योजना और धरती आबा योजना के तहत चिन्हित ग्राम पंचायतों में शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति, एक बगिया मां के नाम, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों तथा पुल-पुलियों का निर्माण, नवीन पंचायत भवनों के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया।
बैठक में संभागायुक्त शर्मा ने नगरीय विकास एवं आवास विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल 2.0 योजना के तहत लंबित आवेदनों पर शीघ्र कार्यवाही करने, प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना में अधिक से अधिक श्रमिकों का पंजीयन सुनिश्चित कराने, पीएम स्वनिधि योजना 2.0 में पथ विक्रेताओं को ऋण उपलब्ध कराने, स्वच्छ भारत मिशन शहरी अंतर्गत निकायों में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थिति तथा दूषित पेयजल प्रबंधन हेतु जारी एसओपी अनुसार समस्त कार्यवाहियां पूर्ण करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

