उज्जैनः खेलते समय तालाब में गिरी मासूम, गोताखोरों ने निकाला शव
उज्जैन, 27 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में विष्णु वाटिका में अपनी मां के साथ पिकनीक पर आई ढाई वर्ष की मासूम बालिका का शव उद्यान में स्थित तालाब से शुक्रवार सुबह गोताखोरों ने निकाल लिया। चना मिलते ही परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए थे। बालिका खेलते समय अचानक गायब हो गई थी। शंका के आधार पर पिछले 16 घंटों से लगातार तालाब में उसकी खोजबीन की जा रही थी।
जीवाजीगंज थाना पुलिस ने बताया कि नीलगंगा क्षेत्र में स्थित राजीव रत्न मल्टी निवासी मनप्रीत कोर पत्नी हरप्रीत सिंह आनंद गुरूवार को कुछ महिलाओं के साथ पिकनीक मनाने के लिए खाकचौक के समीप स्थित विष्णु वाटिका आई थी। जहां पर शाम को खेलते समय ढाई वर्ष की बालिका रवनीत कोर अचानक गायब हो गई थी। कुछ देर बाद जब मां को बालिका कहीं दिखाई नहीं दी,तो खोजबीन शुरू की गई। पूरे उद्यान में बालिका नहीं मिली। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शंका के चलते समीप स्थित विष्णु सागर तालाब में बालिका को तलाशना शुरू किया गया।
16 घंटे बाद मिला बालिका का शवमौके पर एएसपी आलोक शर्मा, सीएसपी पुष्पा प्रजापति सहित जीवाजीगंज थाना प्रभारी विवेक कनोडिय़ा पहुंच गए थे। गुरूवार शाम 4 बजे से ही होमगार्ड की एसडीईआरएफ की टीम ने तालाब में सर्चिंग शुरू की। रातभर अभियान चलाया गया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे हेलावाड़ी क्षेत्र निवासी गोताखोर इरफान उर्फ जुमा अपने साथी के साथ विष्णु सागर पहुंचा और तालाब में तलाश शुरू की। मात्र 10 से 15 मिनट में इरफान ने बालिका का शव पानी से बाहर निकाल लिया।
हर आंख में थे आंसूजैसे ही बालिका का शव तालाब से बाहर निकाला गया, वैसे ही मौके पर मौजूद हर व्यक्ति की आंखों में आंसू आ गए। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। मां ने जैसे ही बेटी का शव देखा तो उसकी चीख निकल पड़ी। पीएम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौप दिया।
खेलते हुए गिरी होगी तालाब मेंप्रारंभिक रूप से बालिका की मां ने पुलिस को बताया कि खेलते समय बालिका के पैर में कांटा चुभ गया था। इसलिए वह समीप ही पड़ी चप्पल लेने के लिए गई थी। कुछ ही देर में जब वह लौटकर आई तो बालिका मौके पर नहीं मिली। काफी देर तक वाटिका में उसे तलाश और उसके बाद पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिली तो दोस्त के साथ पहुंचा गोताखोरगौरतलब है कि इससे करीब छ: महीने पहले भी शिप्रा नदी में गिरी एक महिला पुलिसकर्मी का शव खोजने में भी इसी गोताखोर इरफान उर्फ जुमा ने अहम भूमिका निभाई थी। उस समय पुलिस प्रशासन द्वारा उसे इनाम देने की घोषणा की गई थी। शुक्रवार को भी उसने मानवता का परिचय देते हुए एक बार फिर मासूम का शव खोज निकाला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

