राजगढ़ः रेस्टोरेंट में कढ़ाई में मिला जला तेल, 10 किलो मौके पर नष्ट कराया

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः रेस्टोरेंट में कढ़ाई में मिला जला तेल, 10 किलो मौके पर नष्ट कराया


राजगढ़, 29 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए गुरुवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसएस खत्री ने जीरापुर बस स्टैंड स्थित श्री सीताराम कृपा रेस्टोरेंट और स्टूडेंट टी स्टॉल का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों प्रतिष्ठानों से मावा और मिठाइयों सहित छह खाद्य नमूने लिए गए। वहीं, रेस्टोरेंट में पालक बड़े बनाने के लिए कढ़ाई में जले हुए सोयाबीन तेल का उपयोग होता मिला। अधिकारी ने मौके पर ही करीब 10 किलो तेल नष्ट कराया, जिसकी कीमत लगभग 1600 रुपए बताई गई।

निरीक्षण के दौरान श्री सीताराम कृपा रेस्टोरेंट से मावा, मलाई बर्फी और पालक बड़े के नमूने लिए गए। वहीं, स्टूडेंट टी स्टॉल से मावा पेड़ा, गुलाब जामुन और मिल्क केक के नमूने संग्रहित किए गए। इन सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की भी जांच निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, खाद्य अनुज्ञप्ति और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की जांच की गई। जले हुए तेल के उपयोग पर कार्रवाई करते हुए संबंधित संचालक से तेल मौके पर ही नष्ट कराया गया। इसी तेल से बनाए गए पालक बड़े का नमूना भी जांच के लिए लिया गया है।

कलेक्टर के निर्देश पर अभियान कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशन में जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पालन करने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित व गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विभाग के अनुसार, उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए निरीक्षण और नमूना संग्रहण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769065 Articles

Share this story