अनूपपुर: मुख्यमंत्री मजरा टोला सड़क योजना व पीएमजीएसवाई चतुर्थ कार्य योजना सर्वसम्मति से अनुमोदित

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: मुख्यमंत्री मजरा टोला सड़क योजना व पीएमजीएसवाई चतुर्थ कार्य योजना सर्वसम्मति से अनुमोदित


अनूपपुर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में जिला पंचायत सामान्य सभा की बैठक शनिवार को जिला पंचायत की अध्यक्ष प्रीति रमेश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री मजरा टोला सड़क योजना अंतर्गत जिले के चारों विकास खण्डो कि तैयार की गई प्राथमिकता सूची तथा पीएमजीएसवाई चतुर्थ चरण योजना के अंतर्गत तैयार की गई प्राथमिकता सूची में लिए गए कार्यों पर संतुष्टि व्यक्त करते हुए उपयुक्त सर्वे तथा कार्य योजना निर्माण की सराहना करते हुए कार्य- योजना का सर्वसम्मति से अनुमोदन प्रदान किया गया।

जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अधिकारी एवं पीएमजीएसवाई के महाप्रबंधक ने कार्य योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सैटेलाइट सर्वे तथा भौतिक सत्यापन कार्य आदि के संबंध में भी जानकारी दी। कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग की महत्वपूर्ण योजना प्रधानमंत्री कृषि धन-धान्य योजना तथा बीज वितरण, फसल प्रदर्शन, उन्नत कृषि तथा लेमनरोजा तथा पामारोजा पौधारोपण क्षेत्र के वृद्धि के संबंध में चर्चा की गई। जैविक खेती पर जोर देते हुए जैविक खाद के निर्माण तथा जैविक खेती के लिए कृषकों को प्रोत्साहित करने के संबंध में कार्य करने पर जोर दिया गया। जिला पंचायत के सदस्यों ने अपने क्षेत्र से संबंधित विकास कार्यों के संबंध में अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया।

बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालनअधिकारी अर्चना कुमारी, जिला पंचायत की उपाध्यक्ष पार्वती वाल्मीकि राठौर,सदस्य भारती केवट, किरण चौधरी, भुवनेश्वरी सिंह, यशोदा कोदू सिंह,भूपेंद्र सिंह, नर्मदा सिंह, राम जी रिंकू मिश्रा, दरोगा सिंह रंजीत सर्राटी व पीएमजीएसवाई के महाप्रबंधक दीपेश रावल, सहायक प्रबंधक संजय दुबे जिला पंचायत के परियोजना अधिकारी डॉ उमेश द्विवेदी, उपसंचालक कृषि सहित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहें।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story