अनूपपुर: वीबी-जी रामजी मिशन अत्यंत प्रशंसनीय एवं दूरदर्शी पहल-जिला पंचायत अध्यक्ष

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: वीबी-जी रामजी मिशन अत्यंत प्रशंसनीय एवं दूरदर्शी पहल-जिला पंचायत अध्यक्ष


अनूपपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति रमेश सिंह ने कहा कि विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) एक अत्यंत प्रशंसनीय एवं दूरदर्शी पहल है। आज का दिन देश, प्रदेश, जिले तथा विशेष रूप से ग्रामीण भारत के लिए एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में इतिहास में दर्ज होगा। गाँवों की समृद्धि ही राष्ट्र की प्रगति का आधार है और इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए भारत सरकार द्वारा विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) का शुभारंभ किया गया है।

यह बात जिला पंचायत अध्यक्ष ने गुरूवार को मध्यप्रदेश के अनूपपुरजिले के ग्राम पंचायत बदरा में आयोजित विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) के जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प वर्ष 2047 तक भारत को पूर्ण विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करना है। इस लक्ष्य की प्राप्ति का मार्ग ग्रामीण भारत के समग्र विकास से होकर गुजरता है, जिसके लिए यह मिशन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि वीबी-जी रामजी मिशन केवल रोजगार उपलब्ध कराने की योजना नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण आत्मनिर्भरता, सशक्तिकरण एवं समावेशी विकास का सशक्त माध्यम है। इस मिशन के माध्यम से प्रत्येक पात्र ग्रामीण को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे, प्रत्येक परिवार के सम्मान एवं आर्थिक सुदृढ़ता को बल मिलेगा तथा ग्राम विकास की प्रक्रिया में ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित होगी।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी ने कहा कि भारत का वास्तविक हृदय उसके ग्रामीण क्षेत्र एवं ग्राम पंचायत में बसता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन के अंतर्गत प्रत्येक पात्र हितग्राही को 125 दिवस का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा तथा उन्हें निर्धारित समय-सीमा में मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकसित ग्राम पंचायतें ही विकसित भारत की आधारशिला हैं। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में यह मिशन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति में यह योजना मील का पत्थर सिद्ध होगी।

उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को मिशन के चार प्रमुख घटकों जल सुरक्षा, मूलभूत ग्रामीण अधोसंरचना, आजीविका संवर्धन तथा मौसमी एवं प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि इन घटकों के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, आधारभूत सुविधाओं का विकास होगा, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण होगा तथा ग्रामीण परिवारों की आजीविका सुदृढ़ एवं आत्मनिर्भर बनेगी।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष पार्वती बाल्मिक राठौर एवं ग्राम पंचायत बदरा के सरपंच शिवभान सिंह ने भी संबोधित करते हुए विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। जिला पंचायत के सामाजिक अंकेक्षण विभाग के अधिकारी संदीप शुक्ला ने वीबी-जी रामजी योजना के उद्देश्य सहित चिन्हित कार्यों एवं अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी दी।

लाइव प्रसारण के माध्यम से प्रधानमंत्री का संबोधन देखा-सुना गया

कार्यक्रम के दौरान ग्राम मुक्कावरिपल्ली, जिला तिरुपति (आंध्र प्रदेश) से हुए लाइव प्रसारण के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के संबोधन को उपस्थित जनों ने देखा एवं सुना।

ग्राम पंचायत बदरा परिसर में किया पौधारोपण

जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति रमेश सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पार्वती वाल्मीकि राठौर एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष धनमती सिंह ने ग्राम पंचायत बदरा परिसर में अशोक का पौधा लगाकर पौधरोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश देते हुए आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनका संरक्षण करने तथा हरित वातावरण के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story