अनूपपुर स्टेशन की सुविधाओं और ट्रेन विस्तार को लेकर डीआरएम से मिला जिला विकास मंच

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर स्टेशन की सुविधाओं और ट्रेन विस्तार को लेकर डीआरएम से मिला जिला विकास मंच


अनूपपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश का अनूपपुर जिला रेल सुविधाओं के मामले में अभी भी काफी पिछड़ा हुआ है। इसे लेकर जिला विकास मंच सहित विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठन समय-समय पर अपने स्तर पर प्रयास करते रहे हैं, लेकिन अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी है। शुक्रवार को बिलासपुर रेल मंडल प्रबंधक राकेश के अनूपपुर रेलवे स्टेशन आगमन पर जिला विकास मंच के संयोजक एवं अधिवक्ता वासुदेव चटर्जी के नेतृत्व में चैतन्य मिश्रा और अरविंद बियानी ने उनसे सौजन्य भेंट की।

प्रतिनिधिमंडल ने लगभग एक घंटे तक अनूपपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार, अधूरे निर्माण कार्यों तथा क्षेत्र में रेल सेवाओं के विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा की और मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। रेल मंडल प्रबंधक ने मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन देते हुए अनूपपुर स्टेशन के दूसरे चरण में विकसित की जाने वाली सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा रेलवे की प्राथमिकताओं में शामिल है और उपलब्ध संसाधनों के अनुसार सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रयास किए जाएंगे।

दूसरे चरण में सुविधाओं के विस्तार की मांग

ज्ञापन में कहा गया कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर जोन के सीआईसी सेक्शन में रेल यात्री सुविधाओं का अभाव है। अनूपपुर होकर प्रतिदिन करीब 5 हजार यात्री देश के विभिन्न हिस्सों के लिए यात्रा करते हैं, जिनमें वृद्ध यात्रियों की संख्या भी अधिक है।

जिला विकास मंच ने अमृत भारत योजना के तहत अनूपपुर रेलवे स्टेशन में द्वितीय चरण का कार्य शीघ्र प्रारंभ करने की मांग की। इसमें प्लेटफार्म क्रमांक 3 और 4 की ऊंचाई बढ़ाने, शेड का विस्तार करने, प्लेटफार्म क्रमांक 5 का निर्माण, स्टेशन के विपरीत दिशा में यात्रियों के लिए एक्जिट गेट एवं वाहन पार्किंग की व्यवस्था तथा टिकट काउंटर का निर्माण शामिल है।

इसके साथ ही स्टेशन के प्रमुख स्थानों पर प्रसिद्ध तीर्थस्थल अमरकंटक के विभिन्न दर्शनीय स्थलों के छायाचित्र लगाने तथा स्टेशन के दोनों दिशाओं में बाहर की ओर ट्रेनों के आवागमन की जानकारी देने वाले बड़े हिंदी और अंग्रेजी के ग्लो साइन बोर्ड लगाने की मांग भी की गई।

टर्मिनल विस्तार और अधूरे कार्य पूरे कराने की मांग

ज्ञापन में रेल मंत्रालय की टर्मिनल विस्तार योजना-2030 में अनूपपुर को शामिल करने की मांग उठाई गई। साथ ही अनूपपुर के समीप स्थित छुल्हा स्टेशन एवं प्रस्तावित मेडियारास स्टेशन पर ट्रेनों के वाशिंग टर्मिनल का निर्माण शीघ्र प्रारंभ करने की मांग की गई। मंच का कहना है कि इससे विभिन्न दिशाओं में लोकल ट्रेनों का संचालन संभव होगा और यात्रियों को आवागमन में सुविधा के साथ यात्रा समय में भी कमी आएगी।

प्रतिनिधिमंडल ने क्लॉक रूम के निर्माण, प्लेटफार्म क्रमांक 1 से प्लेटफार्म 3 और 4 को जोड़ने वाले वर्ष 2022 से बंद पड़े फुट ओवरब्रिज के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने तथा प्रस्तावित सीढ़ियों पर लिफ्ट लगाने की व्यवस्था करने की मांग रखी।

इसके अलावा निर्माणाधीन बीके-61 को शीघ्र पूरा कर रोड ओवरब्रिज का निर्माण उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कर आवागमन प्रारंभ कराने की मांग की गई। चंदास नदी के रेलवे पुल पर नागरिकों की सुरक्षा के लिए लोहे के गार्डर लगाने तथा पुल के नीचे बरसात के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या दूर करने के साथ हाई मास्ट लाइट की व्यवस्था करने की भी मांग की गई।

आरक्षण केंद्र और यात्री सुविधाओं पर जोर

जिला विकास मंच ने अनूपपुर में पूर्व की भांति रेलवे आरक्षण केंद्र का समय निर्धारित करने की मांग की। इसके साथ ही राजेंद्रग्राम, पुष्पराजगढ़ में नया पीआरएस सेंटर स्थापित करने और अमरकंटक में बंद पड़े पीआरएस सेंटर को पुनः प्रारंभ करने की मांग रखी गई।

यात्रियों की सुविधा के लिए बैटरी चालित वाहनों की व्यवस्था करने तथा वृद्धजनों और दिव्यांग यात्रियों के लिए सभी प्लेटफार्मों पर व्हीलचेयर उपलब्ध कराने की मांग भी की गई। अंबिकापुर में निर्माणाधीन वाशिंग पिट का कार्य शीघ्र पूरा करने और स्टेशन के दोनों दिशाओं में पे-एंड-यूज सुलभ कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराने का मुद्दा भी उठाया गया।

ट्रेनों के संचालन और विस्तार की प्रमुख मांगें

ज्ञापन में चिरमिरी-रीवा ट्रेन को सप्ताह के सातों दिन नियमित रूप से संचालित करने की मांग की गई। कोरोना काल से बंद दुर्ग-फिरोजपुर तथा बिलासपुर-बीकानेर साप्ताहिक ट्रेनों को पुनः शुरू करने की मांग भी रखी गई। इसके अलावा बिलासपुर से चेन्नई के बीच चलने वाली साप्ताहिक ट्रेन का विस्तार अंबिकापुर तक करने, अंबिकापुर से मुंबई के लिए साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन चलाने तथा पुरी-वलसाड ट्रेन का विस्तार बोरीवली स्टेशन तक करते हुए सप्ताह में दो दिन संचालित करने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने रीवा-बिलासपुर ट्रेन का विस्तार दुर्ग तक करने और अंबिकापुर से रायपुर के बीच नई इंटरसिटी ट्रेन शुरू करने की मांग भी प्रमुखता से रखी।

बिलासपुर रेल मंडल प्रबंधक ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि उनके स्तर से संबंधित मांगों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, जबकि रेलवे बोर्ड एवं अन्य संबंधित स्तरों से जुड़ी मांगों के संबंध में प्रस्ताव भेजा जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story