आगरमालवाः पट्टा वितरण कार्यक्रम में विवाद, पटवारी तहसील कार्यालय अटैच

WhatsApp Channel Join Now
आगरमालवाः पट्टा वितरण कार्यक्रम में विवाद, पटवारी तहसील कार्यालय अटैच


आगरमालवा, 13 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा में शुक्रवार को पट्टा वितरण कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष और एक पटवारी के बीच बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि नगर पालिका अध्यक्ष और अन्य जनप्रतिनिधि कार्यक्रम स्थल पर ही धरने पर बैठ गए। मामला शांत करने के लिए प्रशासन को संबंधित पटवारी को कार्यालय अटैच करना पड़ा।

दरअसल, ’मुख्यमंत्री शहरी भू-अधिकार योजना 2026’ के तहत आगरमालवा जिला मुख्यालय स्थित पुरानी नगर पालिका परिसर में आयोजित पट्टा वितरण कार्यक्रम में प्रदेश के अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री एवं आगरमालवा जिले के प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान मुख्य अतिथि थे। मंत्री चौहान कुछ हितग्राहियों को पट्टे बांटकर चले गए, जिसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष नीलेश जैन पटेल और अन्य पार्षद बाकी बचे पट्टों का वितरण कर रहे थे। इसी दौरान, शेष पट्टों को एसडीएम कार्यालय ले जाने की बात पर नगर पालिका अध्यक्ष और पटवारी महेश मालवीय के बीच कहासुनी हो गई।

जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि पटवारी का व्यवहार ठीक नहीं था, जिससे नाराज होकर वे वहीं धरने पर बैठ गए। हंगामे की खबर मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। विवाद सुलझाने के लिए नगर पालिका कार्यालय में एक समन्वय बैठक बुलाई गई, जिसमें विधायक मधु गहलोत, भाजपा जिला अध्यक्ष ओम मालवीय और एडीएम-एसडीएम समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। मामले की जानकारी देते हुए आगरमालवा के एसडीएम मिलिंद ढोके ने बताया कि पट्टा वितरण के दौरान समन्वय की कमी के कारण विवाद की स्थिति बनी थी। शुरुआती जांच के बाद पटवारी महेश मालवीय को फिलहाल तहसील कार्यालय अटैच कर दिया गया है। प्रशासन अब मामले की आगे समीक्षा कर रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

Share this story