अनूपपुर: सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्र के प्राकृतिक जल स्रोतों में मॉडल पेयजल संरचना का निर्माण किया जाए-सीईओ जिपं
अनूपपुर, 07 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के सुदूरवर्ती ग्रामों का शनिवार को जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी ने जिले के ग्रामीण अंचल में पेयजल सुविधा के लिए उपलब्ध प्रकृति स्रोतों मे पेयजल संरचनाओं के निर्माण संबंधी आकलन कर मॉडल संरचना निर्माण से संबंधित निर्देश दिए गए।
उन्होंने भ्रमण के दौरान ग्रामीणों से पेयजल के संबंध में चर्चा कर जानकारी प्राप्त की। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने तरंग, अहिरगंवा,तरेरा,टिटही ,खमरौध, मिट्ठू महुआ,धुराधर, कोडार, पडमनिया आदि ग्रामों का भ्रमण किया। इस दौरान जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गणेश पाण्डेय, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन यंत्री अमर साय राम, जिला पंचायत के परियोजना अधिकारी डॉ उमेश द्विवेदी, रावेन्द्र पटेल, जनपद पुष्पराजगढ़ के सहायक कार्यक्रम अधिकारी वरुणेंद्र सिंह बघेल, सहायक यंत्री, इंजीनियर अभिषेक श्रीवास्तव, शिवम मिश्रा, अंशुल अग्रवाल संबंधित ग्राम पंचायतो के सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक आदि उपस्थित रहे।
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने भ्रमण के दौरान टांका निर्माण कार्य, प्राकृतिक जल स्रोतों, तालाब,निर्मल नीर, का अवलोकन कर आवश्यक स्थान को चिन्हित करते हुए ग्रामीणों की पेयजल सुविधा के लिए टांका निर्माण, निर्मल नीर, कंटूर टंच, रिचार्ज पिट तथा सामुदायिक जल संरचना के निर्माण पर जोर दिया।
आंगनवाड़ी,आश्रम शाला, उप स्वास्थ्य केंद्र का लिया जायजा
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने सुदूरवर्ती ग्रामों के भ्रमण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र टिटही,धुराधर तथा शासकीय कन्या आश्रम टिटही तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के हैंड पंप तथा पानी टंकी निर्माण पडमनिया, ग्राम धुराधार में आजीविका मिशन के नारी शक्ति संकुल संगठन की महिलाओं के शहद संग्रहण कार्य का अवलोकन किया गया।
साथ ही आजीविका मिशन की दीदियो से शहद संग्रहण प्रसंस्करण व मार्केटिंग के संबंध में जानकारी ली तथा शहद प्रसंस्करण के लिए आवश्यक उपकरण तथा सेटअप लगाने संबंधी जानकारी निकटवर्ती डिंडोरी जिले से लेकर गतिविधि को बढाए जाने के संबंध में निर्देश दिए गए। उन्होंने उप स्वास्थ्य केंद्र पडमनिया के निर्मित भवन में स्टाफ तथा सामग्री शिफ्टिंग व 70 वर्ष से ऊपर के शेष बचे लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश उपस्थित प्रमुख खंड चिकित्सा अधिकारी पुष्पराजगढ़ को दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

