उज्जैनः कालिदास के साहित्य में अद्वैत वेदान्त विषय पर विमर्श आयोजित
उज्जैन, 26 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में चल रहे कालिदास समारोह अंतर्गत गुरूवार को कालिदास संस्कृत अकादमी में कालिदास के साहित्य में अद्वैत वेदान्त विषय पर विशेष वैचारिक विमर्श आयोजित किया गया।
अतिथि स्वागत एवं परिचय देते हुए अकादमी के निदेशक डॉ. गोविंद गंधे ने अतिथियों का वशॉल, पुष्पमाला, कालिदास साहित्य एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने कहा कि अपनी रचनाओं के माध्यम से विश्व में अद्वितीय स्थान बनाने वाले महाकवि कालिदास के काव्य में समस्त काव्य-प्रयोजन सिद्ध होते हैं।
विमर्श में स्वामी हरिब्रह्मानंद तीर्थ ने कहा कि वेद-पुराणों से प्राप्त ज्ञान में अद्वैत और एकात्मता का ज्ञान सर्वोत्कृष्ट है, जो केवल हमारी वैदिक परंपरा में ही सुलभ है। चतुर्विध पुरुषार्थ की चर्चा से रहित कोई भी ग्रंथ श्रेष्ठ नहीं हो सकता। कालिदास के काव्यों में मोक्ष रूपी पुरुषार्थ स्पष्ट रूप से वर्णित है। उन्होंने विक्रमोर्वशीयम् की नांदी, कुमारसंभव में शिव के ब्रह्म रूप तथा सौंदर्यलहरी का उल्लेख करते हुए बताया कि कालिदास के मंगलाचरणों में अद्वैत भाव एवं स्थिर भक्ति का सुंदर विवेचन मिलता है।
स्वामी जपसिद्धानंद,बेलूर मठ ने काव्य में अद्वैत कैसे...? विषय पर कहा कि उपनिषदों में प्रतिपादित तत्व कालिदास के काव्यों में आदि से अंत तक दिखाई देते हैं। उन्होंने अभिज्ञानशाकुन्तलम् में वर्णित अष्टमूर्ति, कुमारसंभव में परब्रह्म के स्वरूप और रघुवंश के मंगलाचरण के माध्यम से शिव और शक्ति के अभेद को समझाया। साथ ही मेघदूत के प्रथम श्लोक में अनिर्वचनीय व निर्गुण परमात्मा के संकेत को भी रेखांकित किया।
प्रो. रामनाथ झा ने कालिदास के साहित्य में अद्वैत चिंतन जैसे महत्वपूर्ण विषय को चुनने के लिए अकादमी की सराहना की। कहा कि भारतीय परंपरा में अनुभव प्रमाण प्रधान है और कवि व काव्य दोनों वेद से ही आरंभ होते हैं। कालिदास सहज रूप से रस की प्रतीति कराते हुए पाठक को उस परम तत्व और मोक्ष रूपी परम पुरुषार्थ तक ले जाते हैं। अद्वैत वेदान्त का किसी से विरोध नहीं है, बल्कि ईश्वर ही सभी को जोडऩे वाला तत्व है।
प्रो. एस. रघुनाथ ने कहा कि जिस प्रकार सभी नदियाँ समुद्र में मिलकर एक हो जाती हैं, उसी प्रकार इस ईश्वर में सब कुछ समाहित हो जाता है। कालिदास के काव्यों में उपनिषदों का मूल भाव अर्थात सर्वात्म भाव और निर्गुण ब्रह्म की सत्ता स्पष्ट रूप से देखने को मिलती है।
संचालन डॉ. रुक्मिणी भदौरिया ने किया। आभार डॉ. गोविंद गंधे ने माना।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / क्षितिज

