मैहर : माँ शारदा के दरबार में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, प्रदेश की खुशहाली की कामना

WhatsApp Channel Join Now
मैहर : माँ शारदा के दरबार में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, प्रदेश की खुशहाली की कामना


मैहर, 21 फरवरी (हि.स.)। मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल शनिवार को मैहर जिले के पावन धाम माँ शारदा देवी मंदिर पहुंचे। यहां विधिवत दर्शन-पूजन कर प्रदेश और मैहर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं निरंतर प्रगति की कामना की।

मंदिर पहुंचने पर मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने उपमुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक चतुर्वेदी ने कहा कि माँ शारदा की कृपा से प्रदेश और मैहर क्षेत्र विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को गति मिल रही है।

उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।

पूजन-अर्चन के उपरांत उपमुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं से सौजन्य भेंट की। कार्यक्रम में शारदा प्रबंधक समिति सदस्य सचिन मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण

मैहर प्रवास के दौरान उपमुख्यमंत्री ने सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण भी किया। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए चिकित्सकों की उपलब्धता, दवाओं की आपूर्ति, साफ-सफाई, प्रसूति वार्ड, आपातकालीन सेवाओं तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ हो सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story