डिंडोरी: सरई बांध में डूबने से दो नाबालिग बच्चियों की मौत, तीसरी ने तैरकर बचाई जान

WhatsApp Channel Join Now
डिंडोरी: सरई बांध में डूबने से दो नाबालिग बच्चियों की मौत, तीसरी ने तैरकर बचाई जान


डिंडौरी, 09 नवंबर (हि.स.)। दीपावली के उत्सवी माहौल के बीच मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले के शहपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम सरई माल में दर्दनाक हादसा हो गया। सोमवार दोपहर सरई बांध में नहाने गईं तीन नाबालिग बच्चियों में से दो की डूबने से मौत हो गई, जबकि तीसरी बच्ची किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आई। उसने गांव पहुंचकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बांध पहुंचे। करीब ढाई घंटे की तलाश के बाद दोनों बच्चियों के शव पानी से बाहर निकाले जा सके। त्योहार के दिन हुए इस हादसे से गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे राजनंदनी परस्ते (10 वर्ष), धनेश्वरी गोलिया (13 वर्ष) और प्रीति परस्ते (10 वर्ष) नहाने के लिए गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित सरई बांध पहुंची थीं। नहाते समय तीनों गहरे पानी की ओर चली गईं। इसी दौरान धनेश्वरी और प्रीति डूबने लगीं। दोनों को संकट में देख राजनंदनी किसी तरह तैरकर किनारे पहुंची और गांव जाकर लोगों को घटना की सूचना दी।

ग्रामीणों और पुलिस ने चलाया तलाश अभियान

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण बांध पहुंचे और दोनों बच्चियों की तलाश शुरू की। सूचना पर शहपुरा पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में स्थानीय लोगों की मदद से तलाश अभियान चलाया गया। शहपुरा एसडीओपी अजय तिवारी के मुताबिक राजनंदिनी परस्ते, प्रीति परस्ते और धनेश्वरी गोलिया गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर सरई बांध में नहाने गई थी जब बच्चियां तैरते हुए गहरे पानी में चली गई तो डूबने लगी किसी तरह से राजनंदिनी परस्ते जैसे तैसे तैरकर किनारे पहुंची और दौड़कर गांव वालों को सूचना दी गांव वाले पहुंचे और बच्चियों को खोजना शुरू किया। वही सूचना पर पहुंची शहपुरा पुलिस ने भी दो घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया तब जाकर बच्चियों के शव बरामद हुए।

दो परिवारों की खुशियां मातम में बदलीं

दीपावली के पर्व के बीच दो बच्चियों की मौत की खबर से सरई माल गांव में शोक छा गया। जिन परिवारों में त्योहार की तैयारियां चल रही थीं, वहां मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक साथ दो बच्चियों की मौत से पूरे गांव में गमगीन माहौल है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774590 Articles

Share this story