डिंडौरी में तालाब में नहाते समय हादसा, ननद की डूबने से मौत, युवक ने भाभी की बचाई जान

WhatsApp Channel Join Now
डिंडौरी में तालाब में नहाते समय हादसा, ननद की डूबने से मौत, युवक ने भाभी की बचाई जान


डिंडौरी, 21 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के डिंडौरीजिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बरछा गांव में मंगलवार सुबह तालाब में नहाने के दौरान हुए हादसे में एक महिला की डूबने से मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला को एक युवक ने समय रहते बाहर निकालकर उसकी जान बचा ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, मृतका संपत्तियां उइके और लक्ष्मी बाई उइके रिश्ते में ननद-भाभी थीं। दोनों बरछा गांव में एक परिजन के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने आई थीं। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे वे गांव के तालाब में स्नान करने गई थीं। बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान संपत्तियां उइके का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गईं। उन्हें बचाने के प्रयास में लक्ष्मी बाई ने उनका हाथ पकड़ लिया, लेकिन कीचड़ और गहरे पानी के कारण उनका संतुलन भी बिगड़ गया और दोनों डूबने लगीं।

महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर गांव के युवक नोहर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना देर किए तालाब में छलांग लगाई और कड़ी मशक्कत के बाद लक्ष्मी बाई को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, तब तक संपत्तियां उइके गहरे पानी में डूब चुकी थीं। बाद में ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना पर शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। घटना के बाद बरछा गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने तालाबों के किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और गहरे पानी वाले स्थानों पर चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है। वहीं पुलिस ने बारिश के मौसम में तालाब, नदी और अन्य जलाशयों में सावधानी बरतने तथा गहरे पानी में नहीं उतरने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story