डिंडौरी: जबलपुर-अमरकंटक राष्ट्रीय राजमार्ग पर नाले में गिरी पिकअप, बेटे की मौत, पिता गंभीर घायल

WhatsApp Channel Join Now
डिंडौरी: जबलपुर-अमरकंटक राष्ट्रीय राजमार्ग पर नाले में गिरी पिकअप, बेटे की मौत, पिता गंभीर घायल


डिंडौरी, 20 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के डिंडाैरी जिले में जबलपुर-अमरकंटक राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-45) पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादस हाे गया। यहां शहपुरा थाना क्षेत्र के कोहानी देवरी स्थित बम-बम नाला मोड़ के पास पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 12 फीट नीचे नाले में जा गिरा। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत कार्य चलाकर घायलों को बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार, पिकअप वाहन एमपी-20 जीबी-4852 में आनाखेड़ा, विक्रमपुर चौकी क्षेत्र निवासी रुद्र प्रताप पाटिल (26) और उनके पिता लामू सिंह पाटिल सवार थे। दोनों सब्जी व्यवसाय से जुड़े थे और शुक्रवार देर रात करीब ढाई बजे जबलपुर सब्जी मंडी के लिए निकले थे। शनिवार सुबह लगभग 5:45 बजे जब उनका वाहन शहपुरा क्षेत्र के बम-बम नाला मोड़ से गुजर रहा था, तभी चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन नाले में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि रुद्र प्रताप पाटिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही शहपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से दोनों को वाहन से बाहर निकाला। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

जेसीबी की मदद से चला राहत अभियान

दुर्घटना के बाद वाहन नाले में फंस गया था, जिससे राहत कार्य में शुरुआती दिक्कतें आईं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से जेसीबी बुलाकर वाहन को हटाया गया तथा दोनों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हादसों का केंद्र बनता जा रहा बम-बम नाला मोड़

स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माणाधीन एनएच-45 का यह हिस्सा लगातार दुर्घटनाओं का केंद्र बनता जा रहा है। हादसे वाले स्थान पर पर्याप्त चेतावनी संकेतक, सुरक्षा बैरिकेडिंग और रोड सेफ्टी डिवाइडर नहीं होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। गौरतलब है कि इसी स्थान पर दो दिन पहले भी एक सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की जान चली गई थी। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बाद क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण एजेंसी और प्रशासन से सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है।

जांच में जुटी पुलिस

शहपुरा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। विवेचक एएसआई नंदकिशोर झारिया ने बताया कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही सड़क की स्थिति और अन्य संभावित पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story