इंदौर में रविवार को दिलजीत दोसांझ का लाइव कॉन्सर्ट, 25 हजार टिकटों की बिक्री

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में रविवार को दिलजीत दोसांझ का लाइव कॉन्सर्ट, 25 हजार टिकटों की बिक्री


इंदौर, 14 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की औद्योगिक नगरी इंदौर में रविवार को पंजाबी गायक एवं अभिनेता दिलजीत दोसांझ का लाइव कॉन्सर्ट आयोजित होगा। लगातार दूसरे वर्ष इंदौर में होने जा रहे इस शो को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है। आयोजकों के अनुसार, कॉन्सर्ट के लिए अब तक करीब 25 हजार टिकट बिक चुके हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग सात करोड़ रुपये है।

कॉन्सर्ट का आयोजन इंदौर बायपास स्थित सी-21 एस्टेट ग्राउंड पर किया जाएगा। एक टिकट की कीमत करीब चार हजार रुपये बताई गई है। आयोजकों ने टिकट बिक्री का पूरा हिसाब नगर निगम को सौंप दिया है। साथ ही मनोरंजन कर के रूप में 60 लाख रुपये भी जमा कराए हैं।

आयोजन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। पिछले कुछ समय से कार्यक्रम को लेकर ई-मेल के माध्यम से लगातार धमकियां मिलने की जानकारी सामने आई है। इसके मद्देनजर बम निरोधक दस्ते द्वारा आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों की लगातार जांच की जा रही है। कॉन्सर्ट के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए 500 से अधिक पुलिस जवान तैनात रहेंगे।

पिछले वर्ष आयोजित शो की तुलना में इस बार अधिक टिकटों की बिक्री हुई है। इससे इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में दिलजीत दोसांझ की लोकप्रियता तथा उनके प्रशंसकों के उत्साह का अंदाजा लगाया जा सकता है। इससे पहले शहर में हनी सिंह और अरिजीत सिंह के संगीत कार्यक्रम भी आयोजित हो चुके हैं।

आयोजन से जुड़े लोगों के अनुसार, दिलजीत दोसांझ शनिवार रात तक इंदौर पहुंच सकते हैं। उनके यहां पहुंचने के साथ ही एक बार फिर शहर के मशहूर पोहे का स्वाद लेने की चर्चा भी है। पिछले वर्ष वे सुबह करीब छह बजे 56 दुकान पहुंचे थे और वहां पोहे का स्वाद लिया था। दो दिन पहले उन्होंने शो को लेकर मिल रही धमकियों के बीच भी इंदौर आने और यहां पोहे खाने की बात कही थी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776929 Articles

Share this story