अशोकनगर के राजराजेश्वर महादेव के दरबार में दिग्विजय सिंह ने टेका माथा

WhatsApp Channel Join Now
अशोकनगर के राजराजेश्वर महादेव के दरबार में दिग्विजय सिंह ने टेका माथा


अशोकनगर के राजराजेश्वर महादेव के दरबार में दिग्विजय सिंह ने टेका माथा


अशोकनगर, 15 नम्बर(हि.स.)। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की उज्जैन के महाकाल से अयोध्या तक निकली करीब एक हजार किलोमीटर लंबी सत्य सनातन स्वाभिमान पदयात्रा का रविवार को तीन दिन तक अशोकनगर जिले में पड़ाव रहा। यह महज एक राजनीतिक यात्रा का पड़ाव देखने में नहीं आया, बल्कि इसके साथ अशोकनगर के राजनीतिक इतिहास, धार्मिक आस्था और प्रदेश की सियासत पर कई सवाल भी जुड़ गए।

दिग्विजय सिंह का अशोकनगर पहुंचना इसलिए भी खास रहा, क्योंकि उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल में ही वर्ष 2003 में अशोकनगर को जिला बनाने की सौगात मिली थी। जिस अशोकनगर को उन्होंने जिला बनाया, उसी जिले में उनकी पदयात्रा का प्रमुख पड़ाव रहा। इस दौरान उन्होंने न केवल आमजन से संवाद किया, बल्कि जिले के प्रसिद्ध राजराजेश्वर महादेव और हजारेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना भी की।

कुर्सी जाने के डर से मुख्यमंत्री नहीं आते, मैंने कभी कुर्सी की चिंता नहीं की!अशोकनगर के इस पड़ाव पर दिग्विजय सिंह के मंच से दिए गए बयान ने राजनीतिक गलियारों में चर्चा को और तेज कर दिया। राजराजेश्वर महादेव मंदिर पहुंचने से पहले उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने कभी अपनी कुर्सी की चिंता नहीं की। वे मुख्यमंत्री के कार्यकाल में भी अशोकनगर आते रहे हैं और आज भी उनकी पदयात्रा का बड़ा पड़ाव अशोकनगर ही रहा है।

उनके इस बयान को जिले से जुड़ी उस राजनीतिक धारणा पर कटाक्ष के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें कहा जाता है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोकनगर आने से परहेज करते हैं। मान्यता और स्थानीय धार्मिक आस्था के अनुसार जिस तरह उज्जैन में महाकाल विराजमान हैं, उसी तरह अशोकनगर में राजराजेश्वर महादेव की विशेष मान्यता है। ऐसे में दिग्विजय सिंह का महाकाल की नगरी से यात्रा शुरू कर राजराजेश्वर महादेव के दरबार तक पहुंचना धार्मिक और राजनीतिक दोनों दृष्टि से चर्चा का विषय बन गया।

79 की उम्र में नौजवानों जैसा जोश, सडक़ पर लगातार चलते रहे दिग्विजय:पदयात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह का जज्बा भी लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। 79 वर्ष की उम्र में लंबी दूरी तय करना, रास्ते में लोगों से मिलना, उनकी बातें सुनना और लगातार यात्रा में सक्रिय बने रहना उनके राजनीतिक संकल्प और शारीरिक ऊर्जा को दर्शाता रहा। उनकी पदयात्रा में उम्र का असर कम और संकल्प का जोश अधिक दिखाई दिया। अशोकनगर जिले में तीन दिन के प्रवास के दौरान उनका अलग-अलग स्थानों पर स्वागत हुआ। धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर उन्होंने आस्था व्यक्त की तो रास्तों में आम लोगों से संवाद कर अपनी यात्रा के मुद्दों को भी सामने रखा।

राम मंदिर के चढ़ावे से लेकर वोट चोरी तक उठाए सवाल:इस पदयात्रा का एक दिलचस्प पहलू रास्ते में आम नागरिकों से दिग्विजय सिंह का संवाद भी रहा। यात्रा के दौरान वे बुजुर्गों और महिलाओं से मिलते दिखाई दिए। इस दौरान राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी और वोट चोरी जैसे मुद्दों पर लोगों से सवाल करते नजर आए। धार्मिक आस्था से जुड़े सवालों को राजनीतिक और लोकतांत्रिक मुद्दों के साथ जोडक़र उन्होंने अपनी यात्रा का संदेश आम लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की।

अशोकनगर से जुड़ा पुराना रिश्ता, धार्मिक आस्था के साथ राजनीतिक संदेश:दिग्विजय सिंह के लिए अशोकनगर केवल पदयात्रा का एक पड़ाव नहीं रहा। इस जिले के गठन के साथ उनका मुख्यमंत्री के रूप में जुड़ा इतिहास भी है। वहीं राजराजेश्वर महादेव और हजारेश्वर महादेव के दर्शन ने इस प्रवास को धार्मिक रंग दिया। एक ओर महाकाल से अयोध्या तक की सनातन स्वाभिमान यात्रा, दूसरी ओर अशोकनगर की धार्मिक पहचान और तीसरी ओर मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर दिया गया बयान—इन सबने उनके तीन दिवसीय प्रवास को राजनीतिक चर्चा के केंद्र में ला दिया।

79 वर्ष की उम्र में एक हजार किलोमीटर की यात्रा का संकल्प लेकर निकले दिग्विजय सिंह ने अशोकनगर में यह संदेश देने की कोशिश की कि राजनीति में उम्र से ज्यादा मायने इरादों के होते हैं। अब देखना यह है कि महाकाल से रामनगरी तक निकली उनकी यह पदयात्रा धार्मिक आस्था के साथ जिन राजनीतिक सवालों को उठा रही है, उनका प्रदेश की सियासत पर कितना असर पड़ता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777689 Articles

Share this story