शिवपुरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ‘डिजिटल गिरफ्तारी’ का डर दिखाकर ठगी करने वाले 20 आरोपी गिरफ्तार, 1.07 करोड़ का मशरूका जब्त

WhatsApp Channel Join Now
शिवपुरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ‘डिजिटल गिरफ्तारी’ का डर दिखाकर ठगी करने वाले 20 आरोपी गिरफ्तार, 1.07 करोड़ का मशरूका जब्त


शिवपुरी, 21 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में सायबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अश्लील वीडियो रिकॉर्डिंग कर ब्लैकमेलिंग तथा ‘डिजिटल गिरफ्तारी’ का भय दिखाकर ठगी करने वाले 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 1 करोड़ 7 लाख रुपये मूल्य का मशरूका जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार प्रदेशभर में सायबर अपराधों एवं म्यूल (फर्जी बैंक खाते) धारकों के विरुद्ध विशेष अभियान ‘ऑपरेशन मेट्रिक्स’ संचालित किया जा रहा है। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा एवं एडीजी सायबर ए. साई मनोहर के निर्देशन में की गई।

ग्वालियर जोन के पुलिस महानिरीक्षक अरविंद कुमार सक्सेना एवं पुलिस उप महानिरीक्षक अमित सांघी द्वारा म्यूल खाताधारकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के नेतृत्व में जिले में सायबर जागरूकता अभियान के साथ त्वरित कार्रवाई के लिए एसडीओपी करैरा आयुष जाखड़ एवं एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में नौ पुलिस टीमों का गठन किया गया।

ऐसे बनाते थे शिकार

आरोपी महिलाओं के नाम से फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर लोगों से अश्लील चैटिंग करते थे। चैट की रिकॉर्डिंग कर स्वयं को पुलिस अधिकारी बताकर पीड़ितों को बलात्कार, चाइल्ड पोर्नोग्राफी जैसे गंभीर अपराधों में फंसाने की धमकी दी जाती थी। इसके बदले “केस सेटलमेंट” के नाम पर मोटी रकम वसूली जाती थी।

इन एप्स का करते थे इस्तेमाल

HIIU, TOKKI, MIKA, ELOELO, GAGA, HANI, SUGO, COMMECTO, HITSU, HONEY एवं COMET एप्लीकेशन के माध्यम से वारदात को अंजाम दिया जाता था।

दर्ज प्रकरण

थाना करैरा में 20 फरवरी 2026 को मुखबिर सूचना पर दबिश देकर 10 आरोपियों को राउंडअप किया गया, जबकि 7 आरोपी फरार हो गए। अपराध क्रमांक 125/26 धारा 319(2), 318(2), 338, 308(6), 3(5) बीएनएस एवं 66(सी), 66(डी) आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

इसी प्रकार थाना भौंती में 20 फरवरी 2026 को दबिश देकर 10 आरोपियों को राउंडअप किया गया। अपराध क्रमांक 45/26 उपरोक्त धाराओं में दर्ज है।

थाना करैरा में 19 फरवरी 2026 को क्रेडिट कार्ड से अवैध निकासी एवं फर्जी लोन प्रकरण में अपराध क्रमांक 122/26 एवं 119/26 दर्ज किए गए।

चारों एफआईआर में कुल 32 आरोपी नामजद किए गए हैं, जिनमें से 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

गिरफ्तार आरोपी

अंगद लोधी, विशाल लोधी, योगेंद्र लोधी, प्रदीप लोधी, धनाराम लोधी, सुरजीत लोधी, रईश पाल, नरेश लोधी, गोलू विश्वकर्मा, कृष्णा लोधी, पवन जाटव, पूरन, सुखदेव लोधी, अर्जुन लोधी, संदेश उर्फ दीपेश, करन परिहार, राजीब लोधी, स्वाती लोधी, योगेंद्र कुशवाह एवं दीपक प्रजापति शामिल हैं।

जब्त सामग्री

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 चार पहिया वाहन, 1 टीवीएस स्पोर्ट मोटरसाइकिल, 29 मोबाइल फोन, 1 मकान की रजिस्ट्री, 1 लाख 20 हजार रुपये नगद, 16 एटीएम कार्ड एवं 7 बैंक पासबुक जब्त किए हैं। जब्त सामग्री का कुल अनुमानित मूल्य लगभग 1 करोड़ 7 लाख रुपये आंका गया है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक घनश्याम भदौरिया, निरीक्षक विनोद छावई सहित थाना करैरा, भौंती, पिछोर, कोलारस एवं अन्य पुलिस टीमों की सराहनीय भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा

Share this story